
मृतक नटुभाई। फाइल फोटो- पत्रिका
Road Accident: मेहसाणा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसा मेहसाणा के मोढेरा-मिठी घड़ियाल रोड पर हुआ। पुलिस के अनुसार कड़ी तहसील के धुमासण गांव का रहने वाला नटुभाई (27) मजदूरी करता था। वह खेत में काम करने के लिए मोढेरा गांव गया था।
इसके बाद नटुभाई अपने रिश्तेदार रमेशभाई और रणवीरसिंह के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। तीनों मोढेरा से मिठी घड़ियाल जाने वाली सड़क पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान नहर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे नटुभाई के सिर में गंभीर चोट आई। अधिक खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रमेशभाई और रणवीरसिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को 108 एंबुलेंस से मेहसाणा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार सिर और चेहरे पर चोट लगने के कारण दोनों बेहोश हैं और उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर मोढेरा पुलिस मौके पर पहुंची और नटुभाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेचराजी सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मोढेरा पुलिस के जांच अधिकारी अनिलभाई ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार अहमदाबाद निवासी राहुल ठक्कर के नाम पर दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस कार मालिक की तलाश कर रही है। हादसे के समय कार कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।
वहीं ताराबेन की शिकायत पर पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। नटुभाई की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी ताराबेन और चार साल का बेटा उमेश है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे नटुभाई की मौत से पत्नी और बच्चे के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
Updated on:
19 Oct 2026 03:04 pm
Published on:
19 Oct 2026 03:04 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
