
अभिभावक अपने बच्चों की शादी और उसमें होने वाले खर्च को लेकर बेहद सजग रहते हैं। वे शुरू से ही बच्चों की शादी के लिए बचत करना शुरू कर देते हैं। लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि आज के युवा अपने विवाह के खर्च के लिए अभिभावक पर निर्भर नहीं रहना चाहते। फिनटेक प्लेटफॉर्म इंडियालेंड्स के एक सर्वे के मुताबिक, 42 प्रतिशत युवा अपनी शादी पर होने वाले खर्च की खुद फंडिंग करना चाहते हैं। वेडिंग स्पेंड्स रिपोर्ट 2.0 के मुताबिक 60 फीसदी महिलाएं अपनी शादी में होने वाले खर्च की फंडिंग खुद करना चाहती हैं, जबकि ऐसे पुरुषों की संख्या केवल 52 प्रतिशत है।
58.8 प्रतिशत बेहद सादगी से करना चाहते हैं शादी
जिन युवाओं के बीच यह सर्वे किया गया उनमें से 58.8 प्रतिशत बेहद सादगी और अंतरंग समारोहों वाली शादी करना चाहते हैं। इससे स्पष्ट है कि आज के युवा तामझाम, तड़क-भड़क वाले समारोह की जगह पारंपरिक तौर पर सादगी तरीके से शादी को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। जबकि 35.3 प्रतिशत युवा ही बड़े ही तामझाम, खूब खर्च कर धूमधाम के साथ शादी रचाना चाहते हैं। सर्वे में 42.1 फीसदी वर-वधु ने कहा कि वे अपनी बचत के जरिए शादी करना पसंद करेंगे। जबकि 26.3 प्रतिशत संभावित वर-वधु ने कहा कि वे शादी की फंडिंग के लिए लोन लेंगे। 27.7 प्रतिशत लोगों ने तय नहीं किया है कि वे फंडिंग कैसे करेंगे।
50.4 फीसदी को अरेंज मैरेज पसंद
जो लोग लोन लेंगे उसमें से 67.7 प्रतिशत ने कहा कि वे एक से 5 लाख रुपए तक लोन लेने की योजना बना रहे हैं। जिन लोगों के बीच यह सर्वे किया गया उसमें 70 फीसदी लोगों का शादी में खर्च का बजट एक से 10 लाख रुपए के बीच है। 21.6 प्रतिशत युवाओं का बजट 11 से 25 लाख रुपए के बीच और 8.4 प्रतिशत युवा ऐसे हैं जिनका बजट 25 लाख रुपए से ज्यादा है। यह सर्वे अक्टूबर से नवंबर के बीच 20 शहरों में 25 से 40 वर्ष के आयु के 1200 लोगों के बीच किया गया। सर्वे के मुताबिक 50.4 फीसदी युवाओं ने कहा कि वे अरेंज मैरेज तो 49.6 प्रतिशत लव मैरेज करना पसंद करेंगे।
यह भी पढ़ें- ई-कॉमर्स कंपनियों पर शिकंजा: डार्क पैटर्न अपनाने पर होगा 10 लाख का जुर्माना, जानिए क्या है ‘डार्क पैटर्न’
यह भी पढ़ें- Indian Navy: भारतीय नौसेना में पहली बार महिला अधिकारी संभालेगी आईएनएस ट्रिंकट की कमान
Published on:
02 Dec 2023 11:33 am
