
अभिजीत दीपके। (फोटो- IANS)
संसद भवन के पास भारी विरोध को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने इस बात की जानकारी दी है। वहीं, भारी हंगामे के बाद मानसून सत्र के बीच राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
सौरव दास ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर उनकी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात हुई है। नड्डा से उनकी 10 मिनट तक बात चली। हालांकि, अभी यह नहीं पता चल पाया है कि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई।
सौरव दास ने आगे कहा- हम अपनी मांगों के साथ एक लिखित पत्र सौंपे हैं, उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे इस बीच आंतरिक रूप से बातचीत करेंगे। हम उस प्रक्रिया में हैं। बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लिए जाने जैसी खबरें आ रही हैं।
इस बीच सौरव दास ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा- हम सभी सांसदों से अपील करते हैं कि वे तुरंत सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में खड़े हों। पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उनकी पिटाई कर रही है।
सौरव ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने गीतांजलि जी के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान एक 12 साल की बच्ची का सिर फूट गया है। 40-50 और लोगों के सिर भी फूटे हैं।
एक्टर और एक्टिविस्ट प्रकाश राज भी 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध-प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं। उधर सीजेपी के बढ़ते विरोध-प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों की धमकियों के बीच संसद के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस बीच, सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा- संसद का सत्र चल रहा है और आप बच्चों पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं। क्या सरकार ऐसे काम करती है?
उन्होंने आगे कहा- सदन के अंदर उन्होंने हमारा WhatsApp जाम कर दिया और गेट बंद कर दिए। यह कैसी सरकार है? संसद बच्चों की भी है। यह उनका अधिकार है जिसकी गारंटी संविधान देता है।
Updated on:
20 Jul 2026 03:13 pm
Published on:
20 Jul 2026 02:51 pm
