
अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही (फ़ोटो- PTI)
Ink on Abhijeet Dipke: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक अज्ञात महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर नीली स्याही फेंकी। चश्मदीदों के मुताबिक, महिला ने उन्हें थप्पड़ मारने की भी कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद वॉलंटियर्स और अन्य लोगों ने तुरंत बीच-बचाव कर उसे रोक दिया।
यह घटना तब हुई जब दीपके विरोध स्थल पर अपने समर्थकों और वहां मौजूद लोगों को मंच से संबोधित कर रहे थे। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई, लेकिन जल्द ही स्थिति को काबू में कर लिया गया। हालांकि, स्याही फेंकने वाली महिला की पहचान या इसके पीछे उसके मकसद के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि स्याही फेंके जाने के तुरंत बाद मंच के चारों ओर भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षाकर्मियों को स्थिति को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। स्याही फेंके जाने को लेकर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पे प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक लाइन में लिखा, "ब्लू इज माई कलर…जय भीम"। दीपके के इस बयान ने नेटिज़न्स के बीच तीखी बहस छेड़ दी है और सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
इस घटना से कुछ घंटे पहले ही दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को विरोध स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल सिफ़त किया था। वांगचुक NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। वे पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर थे। उनका विरोध कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के समर्थन में था, जो NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
सोनम वांगचुक को अस्पताल शिफ्ट किए जाने के बाद दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों के अनुसार, स्याही फेंकने की घटना ठीक उसी समय हुई जब अभिजीत दीपके ने मंच से घोषणा की कि वे खुद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहे हैं। यह विरोध पुलिस द्वारा वांगचुक को जबरन हटाए जाने के खिलाफ था। मंच पर आने से कुछ देर पहले दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, "मैं अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।"
Updated on:
18 Jul 2026 02:53 pm
Published on:
18 Jul 2026 02:33 pm
