
राज्यसभा के 12 सासंदों पर होगी विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई। सभापति जगदीप धनखड़ ने मंजूरी दी
संसद के बजट सत्र के दौरान कई सदस्यों ने राज्यसभा की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न किया। इससे नाराज राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ इन 12 सदस्यों के खिलाफ कथित विशेषाधिकार हनन की जांच करने को मंजूरी प्रदान की है। इन 12 सदस्यों पर बार.बार सदन के वेल में जाने, नारेबाजी करने और कार्यवाही में व्यवधान डालने का आरोप है। राज्यसभा बुलेटिन के अनुसार, इन 12 सदस्यों में नौ सदस्य कांग्रेस और तीन सदस्य आम आदमी पार्टी के हैं। कांग्रेस सदस्यों में शक्तिसिंह गोहिल, नरनभाई जे राठवा, सैयद नासिर हुसैन, कुमार केतकर, इमरान प्रतापगढ़ी, एल हनुमंथैया, फूलो देवी नेताम, जेबी माथेर हिशाम व रंजीत रंजन शामिल हैं। आप सदस्यों में संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता व संदीप कुमार पाठक के नाम पर जांच होगी। आप सदस्य संजय सिंह ने कहा, हमने ऐसा कुछ नहीं किया है जो विशेषाधिकार हनन में आता हो। हमने सिर्फ सच कहा है और करोड़ों सामान्य जन से जुड़े घोटाले को उजागर किया है। जब नोटिस मिलेगा तो हम उसका जवाब देंगे। बजट सत्र के पहले चरण में विपक्षी सांसदों की वजह से बार बार राज्यसभा की कार्यवाही बाधित हुई। इस वक्त राज्यसभा में 14 फरवरी से 12 मार्च तक अवकाश है।
12 सदस्यों पर आरोप
राज्यसभा सचिवालय ने इस बारे में जानकारी दी है कि, सभापति ने संबंधित सांसदों के गैर.मर्यादित आचरण से पैदा होने वाले विशेषाधिकार के कथित उल्लंघन का प्रश्न संदर्भित किया है। बार-बार सदन के वेल में आकर नारेबाजी और लगातार सदन की कार्यवाही में बाधा डालना और सभापति को बार बार सदन की बैठकें स्थगित करने को मजबूर करना, इन संबंधित सदस्यों के खिलाफ यह कदम उठाने पर सभापति को मजबूर किया है।
बार-बार नोटिस देने के लिए सभापति ने संजय सिंह की खिंचाई
इसके अलावा, अडानी स्टॉक मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद में शून्यकाल के निलंबन के लिए बार.बार नोटिस देने के लिए आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ एक और विशेषाधिकार नोटिस आया है। दरअसल, सत्र के पहले भाग के दौरान राज्यसभा के सभापति ने बार.बार नोटिस देने के लिए संजय सिंह की खिंचाई भी की थी।
संजय सिंह से नियम 203 के तहत प्रश्न संदर्भित
राज्यसभा सचिवालय ने एक अन्य नोटिस में जानकारी दी कि राज्यसभा सदस्य संजय सिंह द्वारा नियम 267 के तहत बार.बार एक जैसे नोटिस पेश किए जाने के संबंध में सभापति ने सभापति के निर्देश नहीं माने जाने के चलते उत्पन्न विशेषाधिकार के उल्लंघन के संबंध में राज्यसभा के प्रक्रिया और कार्य संचालन विषयक नियम के नियम 203 के तहत प्रश्न संदर्भित किया है।
13 मार्च से बजट सत्र का दूसरा भाग
बजट सत्र में विपक्ष ने अडानी स्टॉक मामले की जांच जेपीसी से कराने की मांग को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया था।सभापति ने हंगामे के मोबाइल वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल को निलंबित कर दिया था। अब बजट सत्र का दूसरा भाग 13 मार्च को फिर से शुरू होगा और 6 अप्रैल तक चलेगा।
Updated on:
21 Feb 2023 02:04 pm
Published on:
21 Feb 2023 01:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
