
Air India Emergency Landing (AI Image)
Air India Emergency Landing: दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बेंगलुरु से आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के एक इंजन से आग से जुड़ा संकेत मिला, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया और सभी यात्री व क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI2802 बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थी। एयरलाइन के मुताबिक, विमान जब दिल्ली में लैंडिंग के लिए अंतिम चरण में था, तभी कॉकपिट में इंजन से जुड़ा फायर इंडिकेशन दिखाई दिया। बाद में इस संकेत की पुष्टि भी हुई।
स्थिति गंभीर होने के बावजूद पायलट और क्रू ने पूरी सूझबूझ के साथ काम किया। सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से बाहर निकाला गया और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद एयर इंडिया ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। एयरलाइन नियामक एजेंसियों के साथ मिलकर यह पता लगाएगी कि आखिर इंजन में यह तकनीकी समस्या क्यों आई।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान सुरक्षा एजेंसियां और फायर ब्रिगेड की टीमें पहले से अलर्ट पर थीं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद ही यात्रियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
गौर करने वाली बात यह है कि गुरुवार को एयर इंडिया से जुड़ी यह दूसरी बड़ी घटना थी। इससे पहले बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की एक अन्य फ्लाइट लैंडिंग के दौरान टेलस्ट्राइक का शिकार हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, रनवे के पास एक बड़े बोइंग 747 विमान की वजह से बने एयर टर्बुलेंस के कारण पायलट को आखिरी समय में गो-अराउंड करना पड़ा। इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। घटना के बाद एयरबस A321 विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया और उसकी वापसी उड़ान भी रद्द करनी पड़ी।
दिल्ली पहुंचने के बाद कई यात्रियों ने बताया कि लैंडिंग से पहले विमान में हल्की बेचैनी महसूस हो रही थी, हालांकि क्रू लगातार यात्रियों को शांत रहने के लिए कहता रहा। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने पायलट और क्रू की तारीफ भी की। लगातार सामने आ रही तकनीकी घटनाओं ने एयर सेफ्टी को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि आखिर इन घटनाओं के पीछे असली वजह क्या थी।
Updated on:
21 May 2026 11:50 pm
Published on:
21 May 2026 11:39 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
