
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर। (फोटो- IANS)
बिहार में बांकीपुर उपचुनाव को सियासी गहमा-गहमी तेज हो गई है। इस बीच, 'जन सुराज' के संस्थापक और पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने रविवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा- भाजपा के नेतृत्व वाला NDA विधानसभा क्षेत्र में वोटरों को 'डराने-धमकाने' के लिए 'जीविका दीदियों' का इस्तेमाल कर रहा है।
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा- पटना के जिला मजिस्ट्रेट के आधिकारिक ट्वीट से एक बार फिर वही आपत्तिजनक हरकत शुरू हो गई है जो नवंबर 2025 (चुनाव) में हुई थी।
उन्होंने कहा- वोटर अवेयरनेस (मतदाता जागरूकता) के नाम पर, 'जीविका दीदियों' जो सरकार से जुड़ी वर्कर हैं, उनका इस्तेमाल महिलाओं तक पहुंचने और उन्हें यह बताने के लिए किया जा रहा है कि अगर उन्होंने BJP को वोट नहीं दिया, तो उन्हें मिलने वाले सरकारी फायदे, जैसे राशन और पेंशन बंद कर दिए जाएंगे।
प्रशांत ने आगे कहा- कल हमें पूरे दिन यह जानकारी मिलती रही कि कैसे 'जीविका दीदियां' मीटिंग कर रही हैं और यहां तक कि घर-घर जाकर वोटरों को धमका रही हैं। 'जीविका दीदियों' को चुनाव का हिस्सा बनाना बिहार की जनता और लोकतंत्र के साथ धोखा है।
'जन सुराज' के संस्थापक ने यह भी आरोप लगाया कि न सिर्फ पटना से, बल्कि आस-पास के इलाकों से भी जीविका दीदियों को तैनात किया गया है और उन्हें वोटरों को धमकाने और लालच देने की जिम्मेदारी दी गई है।
पीके ने बताया- हमारी पार्टी के सदस्य दो बार चुनाव आयोग से मिल चुके हैं; आज हम फिर से ऑब्जर्वर से मिलेंगे और उन्हें चुनाव से जुड़े कामों से जीविका दीदियों को हटाने के लिए 24 घंटे का समय देंगे।
प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा कि जिला मजिस्ट्रेट को यह आदेश जारी करना होगा कि 'जीविका' से जुड़ी कोई भी महिला या कोई भी अर्ध-सरकारी कर्मचारी चुनाव से जुड़ी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता, जैसा कि चुनाव आयोग के नियमों में कहा गया है।
प्रशांत ने चेतावनी दी कि अगर रविवार को यह साफ़ करने वाला पत्र जारी नहीं किया गया, तो सोमवार को पार्टी के सभी नेता, जिसमें वे खुद भी शामिल हैं, चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने धरना देंगे।
किशोर ने कहा- हम नवंबर 2025 के चुनाव जैसी चीजों को दोबारा नहीं होने देंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा यहां उपचुनाव हारने वाली है, इसीलिए वह वोटरों को डराने-धमकाने का सहारा ले रही है।
Updated on:
26 Jul 2026 11:45 am
Published on:
26 Jul 2026 11:45 am
