3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बांकीपुर नतीजों पर RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल बोले- ‘यह सरकार के अहंकार और खराब कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनादेश है’

Mangani Lal Mandal on Bankipur Election Result: बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के अहंकार और बिहार की खराब कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनता का जनादेश है।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Rahul Yadav

Aug 03, 2026

Bankipur Bypoll Result, Bankipur Election Result, Mangani Lal Mandal, RJD, Bihar Politics, Prashant Kishor,

RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल (फोटो - आईएएनएस)

RJD on Bankipur Bypoll Result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यह परिणाम बीजेपी के खिलाफ जनता की भावना को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और सरकार के कथित अहंकारी रवैये के खिलाफ लोगों ने अपना फैसला सुनाया है।

मंगनी लाल मंडल ने कहा, "यह परिणाम बीजेपी के खिलाफ जनता की भावना को दर्शाता है। बिहार में कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने और सरकार की अहंकारी कार्यशैली के खिलाफ जनता ने अपना फैसला दिया है।"

जीत के बाद प्रशांत किशोर ने क्या कहा?

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके दरवाजे सिर्फ बांकीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के उन लोगों के लिए खुले हैं जिन्हें लगता है कि जन सुराज या वह उनकी मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उनकी आवाज भले ही एक विधायक की हो लेकिन वे इससे पहले भी बिहार की व्यवस्था से परेशान लोगों के मुद्दे उठाते रहे हैं और अब पहले से ज्यादा मजबूती के साथ ऐसा करते रहेंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर का नतीजा उन युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है जो मानते हैं कि बिहार की राजनीति जातीय समीकरणों से आगे नहीं बढ़ सकती। उनके मुताबिक, इस चुनाव परिणाम ने यह साबित किया है कि अगर जनता चाहे तो पारंपरिक राजनीति की सीमाएं भी टूट सकती हैं।

हार-जीत का करेंगे विश्लेषण: JDU

वहीं, बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर जेडीयू (JDU) ने कहा कि अंतिम परिणाम का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। पार्टी नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि इस चुनाव में एनडीए ने बेहतर समन्वय के साथ काम किया। हालांकि, यह उपचुनाव राज्य सरकार या विधानसभा की स्थिति बदलने वाला चुनाव नहीं था इसलिए मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। उन्होंने कहा कि परिणाम चाहे जीत का हो या हार का पार्टी सभी पहलुओं की समीक्षा करेगी और यह भी देखेगी कि चुनावी रणनीति या जनता तक अपनी बात पहुंचाने में कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई।

जीत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बांकीपुर की जनता ने जिस उम्मीदवार को जनादेश दिया है, वह उसका सम्मान करते हैं और प्रशांत किशोर को जीत की शुभकामनाएं देते हैं।