
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत (X Photo- Siraj Noorani)
Bengaluru Family Murder: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कमाक्षीपाल्या थाना क्षेत्र के कोट्टीगेपाल्या में एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि 34 साल के प्रशांत ने पहले अपनी मां, नानी और मामा की धारदार हथियार से हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य का एंगल भी शामिल है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पेशे से ड्राइवर प्रशांत ने धारदार हथियार से अपनी मां, नानी और मामा पर हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने घर के अंदर छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही करेगी।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अलग-अलग कमरों में चारों के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान मंगलम्मा 55 साल, उनकी 68 साल की मां नंजम्मा, 50 साल के भाई सतीश और 34 साल के प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बेंगलुरु पश्चिम के पुलिस उपायुक्त यतीश एन ने कहा कि एक रिश्तेदार ने हमें बताया कि प्रशांत मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे। पुलिस कि जांच में सामने आया कि घटना उस समय हुई, जब प्रशांत के पिता चिक्कन्ना रोज की तरह सुबह काम पर निकल गए थे। उन्होंने मीडिया से कहा, शुक्रवार रात परिवार में कोई झगड़ा नहीं हुआ था। मैं सुबह हमेशा की तरह काम पर चला गया। मुझे नहीं पता कि उसके बाद क्या हुआ। अगर मैं घर पर ही रहता, तो शायद मैं भी मारा जाता। उनके इस बयान से पता चलता है कि शुक्रवार रात परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था।
पुलिस का कहना है कि हत्या किस वजह से हुई इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अभी तक किसी एक कारण की पुष्टि नहीं हुई है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। मृतकों में मंगलम्मा एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करती थीं। नंजम्मा सफाईकर्मी थीं, जबकि सतीश अविवाहित थे और प्लंबर का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में और जानकारी सामने आएगी।
Updated on:
11 Jul 2026 05:03 pm
Published on:
11 Jul 2026 05:03 pm
