
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-IANS)
Narendra Modi: पीएम नरेंद्र मोदी अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। आज इस दौरे के साथ उनकी तीन देशों की यात्रा खत्म होने जा रही है। इससे पहले वो ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के दौरे पर थे। विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेश दौरों पर निशाना साधते हुए तीखा तंज कसा है। कांग्रेस का आरोप है कि एक ओर पीएम मोदी देशवासियों से गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने और देश में खर्च करने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वयं पिछले तीन महीनों में 11 देशों का दौरा कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने मई 2026 में हैदराबाद के एक कार्यक्रम में नागरिकों से अपील की थी कि वैश्विक परिस्थितियों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए विदेश यात्राएं, विशेष रूप से डेस्टिनेशन वेडिंग या छुट्टियों के लिए, कुछ समय के लिए स्थगित करें। उन्होंने सोने की खरीदारी कम करने और पेट्रोल-डीजल बचाने की भी सलाह दी थी। विपक्षी दलों के अनुसार, इस अपील के बाद भी प्रधानमंत्री खुद कई देशों के यात्रा पर जा चुके हैं।
UAE: 15–16 मई
नीदरलैंड्स: 17 मई
स्वीडन: 18 मई
नॉर्वे: 19 मई
इटली: 20 मई
फ्रांस: 13–16 जून
स्लोवाकिया: 17–18 जून
सेशेल्स: 27–29 जून
इंडोनेशिया: 6–7 जुलाई
ऑस्ट्रेलिया: 8–9 जुलाई
न्यूजीलैंड: 10–11 जुलाई
पीएम फिलहाल न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए अपनी करीब तीन दशक पुरानी यात्रा की यादें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि जब वह किसी सरकार का हिस्सा नहीं थे, तब उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था। पीएम मोदी ने आगे कहा कि उस यात्रा के दौरान उन्हें उपहार स्वरूप तीन चीजें मिली थीं। एक मफलर, एक कैप और एक जोड़ी दस्ताने। उन्होंने बताया कि इनमें से मफलर आज भी उनके पास सुरक्षित है और वह इसका कई बार इस्तेमाल भी कर चुके हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यही मफलर वह इस कार्यक्रम में भी अपने साथ लेकर आए हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत किसी देश का महत्व उसकी आबादी से नहीं, बल्कि वहां की जनकल्याण की भावना से आंकता है। इसी सोच के साथ भारत ने न्यूजीलैंड से कई सकारात्मक बातें सीखी हैं और आगे भी सीखता रहेगा।
Updated on:
11 Jul 2026 06:00 pm
Published on:
11 Jul 2026 05:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
