17 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खत्म होगा स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर का ‘वनवास’!, बीजेपी में आज बड़ा फेरबदल संभव

BJP New National Team: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन आज अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। संभावित बदलावों में अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी की चर्चा है। नई टीम में युवा नेताओं, महिलाओं और विभिन्न राज्यों को प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर रहने की उम्मीद है।
3 min read
Google source verification
bjp new national team anurag thakur smriti irani may return

अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

BJP New National Team: भारतीय जनता पार्टी के संगठन में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन आज अपनी नई टीम का ऐलान करने वाले हैं और इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा दो पुराने चेहरों की वापसी को लेकर है। सूत्रों के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही नेता पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से हाशिए पर थे। स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव हार गई थीं, जबकि अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से जीत जरूर गए लेकिन मोदी सरकार के मौजूदा कार्यकाल में उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली थी। ऐसे में अगर यह दोनों नेता संगठन में वापसी करते हैं, तो इसे राजनीतिक हलकों में उनकी सियासी पारी के लिए एक नया मौका माना जाएगा।

औसत उम्र करीब 50 साल के आसपास रखी जा सकती है!

अब बात करते हैं इस पूरे फेरबदल की तस्वीर की। यह नई टीम सिर्फ पुराने चेहरों की वापसी भर नहीं है, बल्कि इसमें युवाओं और महिलाओं को भी खासी तवज्जो दी जाने की उम्मीद है। सूत्रों का कहना है कि नई टीम की औसत उम्र करीब 50 साल के आसपास रखी जा सकती है, यानी अनुभव और युवा जोश दोनों का मेल। साथ ही अलग अलग राज्यों और क्षेत्रों को भी बराबर प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जाएगी, ताकि किसी एक इलाके के नेताओं का दबदबा न दिखे।

पहला बड़ा संगठनात्मक बदलाव

गौरतलब है कि यह नितिन नबीन की अध्यक्षता में होने वाला पहला बड़ा संगठनात्मक बदलाव है। नबीन इसी साल महज 45 साल की उम्र में बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, और तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी अब एक नई, युवा पीढ़ी की तरफ कदम बढ़ा रही है। उनकी नियुक्ति को खुद पार्टी के भीतर एक बड़े जेनरेशनल शिफ्ट यानी पीढ़ी बदलाव के संकेत के तौर पर देखा गया था।

संगठन में इतना बड़ा बदलाव क्यों?

लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर इस वक्त संगठन में इतना बड़ा बदलाव क्यों किया जा रहा है? इसका जवाब आने वाले चुनावों में छिपा है। पार्टी 2027 में कई अहम राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को नए सिरे से तैयार कर रही है। नबीन खुद जमीनी स्तर पर फीडबैक लेना शुरू कर चुके हैं। उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश के करीब 20 सांसदों से एक-एक कर मुलाकात की, जिसमें जातीय समीकरण और कार्यकर्ताओं के मनोबल जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे,। यूपी जैसे बड़े राज्य में हर सीट की अहमियत को देखते हुए यह मुलाकातें खासी मायने रखती हैं।

अनुराग ठाकुर की बात करें तो वे पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के साथ साथ युवा मामले और खेल मंत्रालय भी संभाल चुके हैं। इससे पहले वे वित्त और कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। वहीं स्मृति ईरानी की पहचान पार्टी के एक बड़े महिला चेहरे के तौर पर रही है। वे 2019 से 2024 तक अमेठी से सांसद रहीं और केंद्र में मंत्री पद संभाला। इसके अलावा वे बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां भी निभा चुकी हैं।

सिर्फ एक रूटीन बदलाव?

पार्टी के भीतर इस पूरी कवायद को सिर्फ एक रूटीन बदलाव के तौर पर नहीं देखा जा रहा। कई नेता इसे आने वाले बड़े राजनीतिक हलचल की शुरुआत मान रहे हैं। संगठन संरचना अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही नई टीम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।

कुल मिलाकर देखा जाए तो नितिन नबीन एक ऐसा संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं जहां एक तरफ युवा और नए चेहरों को मौका मिले, महिलाओं और अलग अलग क्षेत्रों की भागीदारी बढ़े, और दूसरी तरफ ठाकुर और ईरानी जैसे अनुभवी और जाने पहचाने चेहरे भी टीम को मजबूती दें। यही वजह है कि आज होने वाला यह ऐलान सिर्फ नामों की सूची भर नहीं, बल्कि बीजेपी की आने वाले चुनावी रणनीति की एक झलक भी माना जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग