16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BJP ने केरलम चुनावों के लिए जारी की पहली लिस्ट, 47 उम्मीदवारों का ऐलान

बीजेपी ने केरलम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 47 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

3 min read
Google source verification
BJP

BJP (फोटो- ANI)

Keralam Assembly Election 2026: आगामी केरलम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने राज्य चुनावों के लिए 47 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इसमें पार्टी के केंद्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता और राज्य इकाई के प्रमुख चेहरे शामिल हैं। बीजेपी की सूची में प्रमुख नामों में पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन और राज्य पार्टी अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर हैं। चंद्रशेखर दक्षिणी राज्य में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण सीट नीमोम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

नव्या हरिदार को उतारा मैदान में

बीजेपी ने नव्या हरिदास को भी मैदान में उतारा है। हरिदास ने 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। अब उन्हें भाजपा की पहली सूची के तहत विधानसभा चुनावों में टिकट दिया गया है। इस घोषणा के साथ ही केरलम में भाजपा की चुनावी तैयारियों की शुरुआत हो गई है, क्योंकि राजनीतिक दल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस रहे हैं।

12 मार्च को हुई थी बैठक

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 मार्च को नितिन नबीन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की, जिसमें 47 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।

जानें किस-किस को मिला टिकट

भाजपा की पहली लिस्ट में मंजेश्वर सीट से के. सुरेंद्रन, उदमा सीट से मैनुअल मेलोथ, कन्हानगड सीट से बलराज एम, पय्यान्नूर सीट से एपी. गंगाधरन, अजिकोड सीट से के.के. विनोद कुमार, कन्नूर सीट से सी. रघुनाथ, मनंथवाडी (एसटी) सीट से पी. श्याम राज, सुल्तानबथेरी (एसटी) सीट से कविता ए.एस., वडकारा सीट से एडवोकेट के. दिलीप, कुट्टियाडी सीट से रामदास मनलेरी, नादापुरम सीट से सीपी. विपिन चंद्रन, क्विलांडी सीट से सी.आर. प्रफुल कृष्णन और पेराम्बरा सीट से एम. मोहनन मास्टर के नाम हैं।

पार्टी ने बलुस्सेरी (एससी) सीट से सी.पी. सतीशन, एलाथुर से टी. देवदास, कोझिकोड नॉर्थ से नव्या हरिदास, कोझिकोड साउथ सीट से टी. रनीश, बेपोर से एडवोकेट के.पी. प्रकाश बाबू और कुन्नामंगलम से वीके सजीवन को टिकट दिया है। साथ ही जहां शोरनूर से संकु टी. दास, ओट्टापालम से मेजर रवि, मलमपुझा से सी. कृष्णकुमार, पलक्कड़ सीट से सोभा सुरेंद्रन, चेलक्करा (एससी) से के. बालकृष्णन चुनाव लड़ेंगे, वहीं मनलूर से एडवोकेट केके अनीश कुमार, त्रिशूर से पद्मजा वेणुगोपाल, इरिंजालकुडा से संतोष चेराकुलम, देविकुलम (एससी) से एस. राजेंद्रन और पाला से शोन जॉर्ज को उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने वैकोम (एससी) से के. अजित, कंजिरापल्ली से एडवोकेट जॉर्ज कुरियन, पूंजार से पीसी जॉर्ज, अंबलाप्पुझा से अरुण अनिरुद्धन, हरिपाड सीट से संदीप वचस्पति और चेंगन्नूर से एमवी गोपकुमार पर भरोसा जताया है।

सीपीआई (एम) ने जारी की 56 नामों की सूची

यह घोषणा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (सीपीआईएम) द्वारा आगामी केरल विधानसभा चुनाव 2026 में 86 सीटों पर चुनाव लड़ने और अपने उम्मीदवारों की सूची में 56 मौजूदा विधायकों को फिर से नामित करने की घोषणा के एक दिन बाद आई है।

इस सीट से चुनाव लड़ेंगे सीएम पिनारयी विजयन

मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन एक बार फिर कन्नूर जिले के धर्मदोम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के.के. शैलजा को कन्नूर जिले के पेरावूर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। पिछले चुनाव में उन्होंने मट्टन्नूर विधानसभा क्षेत्र से रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की थी, लेकिन अब वे इस सीट से चुनाव लड़ेंगी।

9 अप्रैल को एक चरण में होगा मतदान

भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को कई राज्यों में विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया। केरल, जिसका नाम हाल ही में बदलकर केरलम कर दिया गया है, में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी।