5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BJP Manifesto: बीजेपी कल जारी करेगी संकल्प पत्र, PM Modi रहेंगे मौजूद, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस

BJP Manifesto Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 14 अप्रैल (रविवार) को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। बीजेपी ने इसे 'संकल्प पत्र' नाम दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में इसे तैयार किया गया है।

2 min read
Google source verification
modi_nadda_shah_rajnath.jpg

BJP Manifesto Lok Sabha Elections 2024 : आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी अपना घोषणापत्र जारी कर चुकी है। इसमें कई वादे किए गए हैं। बीजेपी ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर जमकर हमला बोला और इसे मुस्लिम लीग की सोच से प्रेरित घोषणापत्र बताया। अब खबर आ रही है कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी 14 अप्रैल (रविवार ) को सुबह 8:30 बजे अपना घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी ने इसका नाम संकल्प पत्र दिया है। इस संकल्प पत्र को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में तैयार किया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को समिति का संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया गया था। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में घोषणापत्र जारी करने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी चीफ जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे।

समिति में ये नेता थे शामिल

इस समिति में 27 नेताओं को शामिल किया गया था। इनमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अर्जुन राम मेघवाल, किरेन रिजिजू, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, जुएल ओराम, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, विनोद तावड़े, राधामोहन दास अग्रवाल, मनजिंदर सिंह सिरसा, ओ.पी. धनखड़, अनिल एंटनी और तारिक मंसूर को समिति में जगह मिली थी।

चुनाव घोषणा पत्र को लेकर भाजपा द्वारा चलाए गए देशव्यापी अभियान के बारे में बताते हुए पियूष गोयल ने कहा था कि लगभग 35 दिनों तक 916 वीडियो वैन ने देशभर में 3500 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। देश के 100 से ज्यादा शहरों में अलग-अलग समाज के वर्गों, व्यावसायिक, व्यापारिक एवं बुद्धिजीवी संगठनों के साथ सभाएं की गईं, मिस्ड कॉल अभियान चलाया गया और नमो एप के जरिए भी सुझाव लिए गए।

संकल्प पत्र में क्या-क्या?

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस बार अपने चुनाव घोषणा पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के मुताबिक ज्ञान अर्थात जी.वाई.ए.एन. फॉर्मूले के तहत गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान) और नारी (महिला) पर विशेष फोकस कर सकती है। पार्टी अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों को सामने रखते हुए तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को भी संकल्प पत्र में जगह दे सकती है।

पार्टी देश के सांस्कृतिक स्थलों से लेकर व्यापार, उद्योग, रक्षा, अंतरिक्ष और अर्थव्यवस्था सहित तमाम क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों का जिक्र करते हुए संकल्प पत्र में भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण वायदे करेगी। पार्टी अपने संकल्प पत्र के जरिए देश की जनता को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के लक्ष्यों और 2047 के विकसित भारत के रोड मैप के बारे में विस्तार से बताकर जनता से तीसरी बार मोदी सरकार बनाने की अपील करेगी।