20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

1109 करोड़ बैंक लोन फ्रॉड केस: CBI की 4 राज्यों में बड़ी रेड, 6 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

CBI Raid: 1,109 करोड़ रूपये के बैंक लोन फ्रॉड मामले में CBI ने बड़ा एक्शन लिया है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और उत्तराखंड में एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के 6 ठिकानों पर छापेमारी की गई।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Jul 19, 2026

Bank Loan 1109 Crore Fraud Case

1100 करोड़ के लोन फ्रॉड मामला: CBI ने 4 राज्यों में एक साथ की बड़ी कार्रवाई। (AI जनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो)

Bank Loan 1109 Crore Fraud Case: CBI ने एक बड़े बैंक लोन फ्रॉड मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। करीब 1,109 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में जांच एजेंसी ने एक साथ चार राज्यों में छापेमारी की। इस कार्रवाई में कंपनी के दफ्तर, फैक्ट्री और निदेशकों के ठिकानों को खंगाला गया। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने के लिए कई तरह की वित्तीय गड़बड़ियां की गईं हैं।

चार राज्यों में CBI की एक साथ कार्रवाई

CBI ने ओडिशा की ‘गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड’ के खिलाफ दर्ज मामले में छापेमारी की। यह कार्रवाई स्पेशल CBI कोर्ट, भुवनेश्वर से मिले सर्च वारंट के आधार पर की गई। जांच एजेंसी ने कुल छह स्थानों पर तलाशी ली। इनमें ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित आरोपित निदेशकों के आवास, कोलकाता में कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस, उत्तराखंड के काशीपुर, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा में मौजूद कंपनी की तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शामिल हैं। CBI ने इन जगहों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जुटाए हैं…जिनकी जांच की जा रही है।

बैंक से ऐसे की गई करोड़ों की कथित धोखाधड़ी

CBI के मुताबिक यह मामला केनरा बैंक के साथ करीब 1,109 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने बैंक से फंड-बेस्ड और नॉन-फंड बेस्ड वित्तीय सुविधाएं हासिल करने के लिए गलत जानकारी दी।

बैंक की शिकायत के अनुसार कंपनी ने स्टॉक का मूल्य बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया। ट्रेड रिसीवेबल्स में भी हेरफेर किया गया। बेहतर क्रेडिट सुविधा हासिल करने के लिए वित्तीय दस्तावेजों में कथित रूप से बदलाव किए गए। इसके अलावा लोन की राशि को दूसरी जगह इस्तेमाल करने और खातों की एवरग्रीनिंग जैसे तरीके अपनाकर बैंक को भारी नुकसान पहुंचाया गया। अब CBI पूरे वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे और कार्रवाई होने की संभावना है।

रिश्वत मांगने वाले फर्जी अधिकारी को भी CBI ने पकड़ा

इसी बीच CBI ने एक अलग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को केंद्र सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों से रिश्वत मांग रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने उत्तराखंड के एक पोल्ट्री फार्म संचालक से 22.50 लाख रुपये के लोन को मंजूरी दिलाने के नाम पर 45 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। उसने खुद को विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेने की कोशिश की।

CBI ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे देहरादून की अदालत में पेश किया गया। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरह कितने लोगों को निशाना बनाया और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस नेटवर्क में शामिल था।