
लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान। फोटो- X/@iChiragPaswan
Chirag Paswan Helps Injured Woman: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पंजाब दौरे थे। वे रविवार को अमृतसर से जालंधर जाते समय सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी एक युवती को देखकर अपना काफिला रोक दिया। इस दौरान चिराग पासवान ने वीआईपी प्रोटोकॉल की परवाह नहीं की। उन्होंने खुद गाड़ी से उतरकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल युवती को अपने ही कार से अस्पताल पहुंचाया।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, यह घटना जालंधर से लगभग 10-15 किलोमीटर पहले डेरा सचखंड बल्लां के पास हुई। चिराग पासवान ने तुरंत अपनी टीम को निर्देश दिया कि घायल युवती को उनके वाहन से अस्पताल पहुंचाया जाए।
ANI द्वारा साझा किए गए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान घायल युवती की ओर दौड़ते हुए पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली और अपने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि बिना किसी देरी के युवती को तुरंत कार से अस्पताल पहुंचाया जाए।
युवती सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी थी। उनकी टीम का एक सदस्य युवती को उठाकर वाहन में ले जाता हुआ भी नजर आया, ताकि उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
बताया जा रहा है कि स्कूटी के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण यह हादसा हुआ। चिराग पासवान ने अपनी यात्रा तब तक रोककर रखी, जब तक घायल युवती को लेकर वाहन अस्पताल के लिए रवाना नहीं हो गया।
यह घटना चिराग पासवान के पंजाब के एक दिवसीय दौरे के दौरान हुई। इस दौरान उन्होंने कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। साथ ही, राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी पार्टी की तैयारियों को भी गति दी।
चिराग पासवान ने अपनी मां के साथ अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में मत्था टेका और जलियांवाला बाग पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पंजाब यात्रा के दौरान डेरा सच्चा बल्लां पहुंचे और नतमस्तक होकर पूज्य संत निरंजन दास से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
चिराग पासवान ने इस दौर के लेकर कहा, 'पंजाब मेरा ननिहाल है। मेरी मां सरदारनी हैं। मेरे नेता और पिता रामविलास पासवान की हमेशा यह इच्छा थी कि पार्टी का विस्तार हो। दूसरे राज्यों में भी उसका संगठन मजबूत बने। उनकी इसी इच्छा के अनुरूप हम लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का विभिन्न राज्यों में विस्तार कर रहे हैं। हम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। पंजाब में भी विधानसभा चुनाव होने हैं । पार्टी संगठन इसी दिशा में काम कर रहा है।"
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि भविष्य में किसी दल के साथ गठबंधन होगा या नहीं। हमें कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा। लेकिन हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।'
Updated on:
20 Jul 2026 12:09 pm
Published on:
20 Jul 2026 11:44 am
