20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

CJP Parliament March: शुरू हुआ CJP का प्रदर्शन, हजारों की संख्या में लोग संसद की तरफ बढ़े

CJP Parliament March: दिल्ली के जंतर मंतर से CJP का संसद मार्च शुरू हो गया। पुलिस की अनुमति नहीं होने के बावजूद हजारों लोग प्रदर्शन में शामिल है। कई विपक्षी नेताओं और अभिनेता प्रकाश राज ने भी मार्च का समर्थन किया है।
2 min read
Google source verification
CJP protest begins

शुुरु हुआ सीजेपी का प्रदर्शन (फोटो- एएनआई)

CJP Parliament March: दिल्ली के जंतर मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का संसद मार्च शुरू हो गया। यह प्रदर्शन शिक्षा सुधार और NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है। पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद हजारों की संख्या में लोग संसद की ओर बढ़ने लगे है। प्रदर्शन स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और कई राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भारी बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं दिखा।

प्रदर्शन शुरू होने से पहले 8,000 लोग पहुंचे

प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही हजारों की संख्या में लोग जंतर-मंतर पहुंच गए थे। पुलिस के अनुसार करीब 8,000 लोग मौके पर मौजूद थे। प्रशासन का कहना है कि संसद मार्च के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी मार्च शुरू करने पर अड़े रहे। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और बैरिकेड लगाए गए ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

कई नेताओं और कलाकारों ने दिया समर्थन

संसद मार्च में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वह युवाओं की आवाज बनने और उनके साथ खड़े होने आए हैं। उनके मुताबिक युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। अभिनेता प्रकाश राज भी जंतर मंतर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी लोगों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

विपक्ष ने दिया प्रदर्शन को समर्थन

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने भी सोशल मीडिया पर प्रदर्शन का समर्थन किया और सरकार पर निशाना साधा। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के सांसदों के शामिल होने पर फैसला संसदीय दल की बैठक के बाद लिया जाएगा। दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। संसद सत्र के पहले दिन निकाले जा रहे इस मार्च को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है जिसके मुताबिक CJP का प्रदर्शन शुरू होने के साथ ही पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया गया है। खबरों के मुताबिक, बिना इजाजत मार्च शुरू करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज किया।