
CJP के प्रवक्ता JP नड्डा से मिलने के लिए रवाना हुए (फोटो- एएनआई एक्स पोस्ट)
CJP Parliament March: राजधानी दिल्ली में चल रहे CJP प्रोटेस्ट में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर संसद के पास पहुंचने लगे है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनाव की भी कई खबरें एक के बाद एक सामने आ रही जिससे चिंता बढ़ गई है। हालांकि इसी बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है जिसके बाद परिस्थितियों में सुधार आने की उम्मीद है। इसके अनुसार जल्द ही सरकार और सीजेपी के बीच बातचीत की शुरुआत हो सकती है। CJP के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है।
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते बताया कि सोमवार सुबह सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया। इसके बाद वह और आशुतोष रंका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने के लिए रवाना हुए। सौरव दास ने कहा कि पार्टी अपनी मांगों पर स्पष्ट है और बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। उनका कहना है कि बातचीत के जरिए समाधान निकलने की उम्मीद है।
वहीं दूसरी तरफ सीजेपी का संसद मार्च तय प्लान के मुताबिक संसद के करीब पहुंच गया है जिसके बाद संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान भीड़ आगे बढ़ने लगी, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। साथ ही CJP के प्रवक्ता सौरव दास को भी पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया और अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान कई बार नारेबाजी हुई और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने पर भीड़ अचानक बढ़ गई। धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी घायल हो गए। गाजियाबाद के 21 वर्षीय निखिल के सिर में चोट लगी, जबकि संयम नाम का एक प्रदर्शनकारी कांच पर गिरने से घायल हो गया। वहीं, प्रदर्शन के बीच इंटरनेट सेवा भी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई और प्रदर्शनकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जारी रखा।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अस्पताल से एक हस्तलिखित अपील जारी कर संसद मार्च में शामिल होने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत ठीक है और स्वास्थ्य जांच के सभी मानक सामान्य हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कुछ समय के लिए बाहर जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया ताकि वह संसद चलो मार्च में शामिल हो सकें।
Updated on:
20 Jul 2026 01:00 pm
Published on:
20 Jul 2026 12:35 pm
