
CJP संसद मार्च की तैयारी तेज (फोटो- एएनआई)
CJP Parliament March: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च से पहले माहौल पूरी तरह गरमा गया है। प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। इसी बीच सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बड़ा आरोप लगाया है कि प्रदर्शन स्थल के पास पहले से ही पत्थरों से भरा एक ट्रक और एक क्षतिग्रस्त वैन खड़ी कर दी गई है। उनके इस दावे के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। हालांकि, इस आरोप पर दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि जंतर-मंतर के पास पत्थरों से भरा एक ट्रक पहले से खड़ा किया गया है। उन्होंने इसके साथ एक क्षतिग्रस्त वैन का भी जिक्र किया और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। दीपके ने ट्रक का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, पत्थरों से लदे ट्रक जंतर-मंतर पर खड़े किए गए है। पुलिस प्रशासन क्या करने की योजना बना रहा है। क्या वे शांतिपूर्ण सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी करने की साजिश रच रहे है। दीपके का कहना है कि प्रदर्शन शुरू होने से पहले ऐसी व्यवस्था होना चिंता का विषय है। फिलहाल इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
इसी के साथ दीपके ने एक अन्य पोस्ट भी शेयर किया जिसमें एक महिला जंतर-मंतर पर क्षतिग्रस्त वैन खड़ी होने की बात कह रही है। दीपके ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली पुलिस को शर्म आनी चाहिए। जंतर-मंतर पर पहले ही पत्थरों से लदा एक ट्रक और एक क्षतिग्रस्त वैन रख दी गई है। दीपके ने आगे लिखा कि जल्द ही गोदी मीडिया ऐसी खबरें चलाएगा जिनमें दावा किया जाएगा कि प्रदर्शनकारियों ने इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए वैन में तोड़-फोड़ की। हालांकि इन दोनों ही मामलों पर दिल्ली पुलिस की अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बता दें कि सीजेपी के प्रस्तावित संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की तैनाती की गई है और दंगा नियंत्रण वाहन भी मौके पर पहुंचा। दिल्ली पुलिस के अधिकारी सचिन शर्मा और आनंद मिश्रा भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहे। जनपथ मेट्रो स्टेशन के पास और केरल हाउस की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाए गए हैं। लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है।
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि संसद मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत कई इलाकों में प्रतिबंध लागू किए गए हैं। इसके बावजूद सीजेपी का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर जारी है। पार्टी की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों, खासकर नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार जवाबदेही तय करे। इसी बीच सीजेपी के प्रवक्ता और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत भी हुई, ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे।
Updated on:
20 Jul 2026 09:03 am
Published on:
20 Jul 2026 07:45 am
