
राहुल गांधी (Photo: ANI)
देश में चुनाव खत्म होने के बाद आम आदमी को एलपीजी के दामों में बढ़ोतरी का बड़ा झटका झेलना पड़ा। सरकार ने आज कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की जिसके बाद 5 किलो के सिलेंडर के भी दाम 261 रुप बढ़ा दिए गए। अब इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राहुल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि चुनावों के बाद ऐसा होगा।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत एक ही दिन में 993 रुपये तक बढ़ गई है। राहुल ने इसे अब तक की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़ोतरी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि फरवरी से अब तक कुल 1380 रुपये की वृद्धि हुई है, जो लगभग 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। राहुल गांधी ने लिखा कि मैंने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कमर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है। यह एक दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा कि फरवरी से अब तक 1380 रुपये यानी 3 महीनों में 81 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हुई है। इस बयान के जरिए उन्होंने सीधे तौर पर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी आम लोगों पर चुनाव का बोझ डालने जैसा है। उनके अनुसार, सरकार ने चुनाव के दौरान राहत देने के बाद अब कीमतें बढ़ाकर जनता पर भार डालना शुरू कर दिया है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाता नजर आ रहा है।
राहुल गांधी ने इस मूल्य वृद्धि का असर छोटे व्यवसायों पर पड़ने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि चाय की दुकान, ढाबा, होटल, बेकरी, मिठाई की दुकान हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ गया है और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। उनके अनुसार, इस तरह की बढ़ोतरी से रोजमर्रा के खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो जाएंगी। इसके साथ ही राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि गैस के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सरकार बढ़ोतरी करेगी। उन्होंने लिखा कि पहले गैस पर मार, अगली मार पेट्रोल-डीजल पर होगी।
Updated on:
01 May 2026 03:02 pm
Published on:
01 May 2026 03:02 pm
