
कांग्रेस कैंडल मार्च(फोटो-IANS)
Congress Protest: छात्रों से जुड़े मुद्दों, परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और हालिया घटनाओं के विरोध में कांग्रेस शनिवार, 25 जुलाई को देशभर में जिला स्तर पर कैंडललाइट मार्च और सत्याग्रह आयोजित करेगी। पार्टी ने सभी प्रदेश और जिला इकाइयों को इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को पत्र जारी कर कहा है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर देशभर में जिला स्तर पर कैंडल मार्च और सत्याग्रह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम छात्रों के साथ एकजुटता जताने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
24 जुलाई को जारी पत्र के अनुसार, सभी प्रदेश कांग्रेस समितियां अपने-अपने राज्यों की जिला कांग्रेस समितियों को निर्देश दें कि वे 25 जुलाई की शाम अपने जिले में कैंडललाइट मार्च और सत्याग्रह आयोजित करें। पार्टी के मुताबिक, प्रत्येक जिला कांग्रेस समिति के नेतृत्व में यह मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा और वहीं इसका समापन होगा।
कांग्रेस ने कहा कि यह सत्याग्रह उन छात्रों और युवाओं के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है, जिनका भविष्य शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं तथा विफलताओं से प्रभावित हुआ है। पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। इसी के साथ कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की अपनी मांग भी दोहराई है।
एआईसीसी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों के अलावा पार्टी के सभी प्रकोष्ठों, विभागों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। पार्टी ने अधिक से अधिक छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की है, ताकि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जा सके। इससे पहले राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस करके सरकार पर कई सवाल उठाये थे।
Updated on:
24 Jul 2026 05:09 pm
Published on:
24 Jul 2026 04:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
