19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कर्नाटक के एक स्कूल में हुआ कोरोना विस्फोट, 43 छात्र मिले कोरोना संक्रमित

कर्नाटक के एक स्कूल में कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां एक स्कूल में 43 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

2 min read
Google source verification
coronavirus new cluster in karnataka school 43 students test positive

coronavirus new cluster in karnataka school 43 students test positive

नई दिल्ली। बीते दिनों भारत में कोरोना के मामलों में कुछ राहत मिली तो सरकारों ने नियमों में ढील दे दी। लेकिन अब देश में कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ते नजर आ रहे हैं। खासकर कर्नाटक में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। आज राज्य के एक स्कूल में कोरोना विस्फोट हुआ है।

बता दें कि आज कर्नाटक के चिकमगलुरु जिले में सीगोडु स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में कोरोना विस्फोट हुआ है। दरअसल, हाल ही में स्कूल में कर्मचारियों और छात्रों सहित 418 लोगों का टेस्ट किया गया था, इनमें पहले दिन तीन छात्रों में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं रविवार को 40 और छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और इसके साथ ही यह आंकड़ा बढ़कर 43 पहुंच गया।

मरीजों का चल रहा इलाज
अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल में कोरोना के 43 मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि इनमें से अधिक छात्रों में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। सभी छात्रों और स्कूल कर्मचारियों को डॉक्टरों की नजर में रखा गया है, सभी मरीजों का इलाज चल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोरोना के इस विस्फोट के बाद स्कूल को अलगे 15 दिन के लिए सील कर दिया गया है। स्कूल प्रशासन ने बताया कि सभी संक्रमितों को परिसर के भीतर ही अलग-अलग ब्लॉकों में रखा गया है और सभी पर लगातार नजर रखी जा रही है। बता दें कि एक दिन पहले ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सरकार ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को रोकने के लिए उठाए गए कदमों का हवाला देते हुए कहा है कि जिन क्षेत्रों में कोरोना वायरस के 3 या फिर उससे अधिक केस सामने आते हैं उसे एक क्लस्टर माना जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि कर्नाटक में स्थिति चिंताजनक है। उनका कहना है कि क्लस्टर वाले क्षेत्रों में और लोगों टेस्ट किए जाने पर मामलों की संख्या बढ़ सकती है। गौरतलब है कि चिकमगलुरु के अलावा शिवमोगा जिले में भी एक स्कूल के 29 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: नगालैंड हिंसा को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर उठाए सवाल, लोग सुरक्षित क्यों नहीं हैं?

वहीं भारत में कोरोना का नया ओमिक्रॉन वेरिएंट भी कहर बरपा रहा है। देश में अब तक ओमिक्रॉन के 5 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे पहले देश में कर्नाटक से ओमिक्रॉन के दो मामले सामने आए थे। इसके बाद शनिवार को संक्रमण का तीसरा और चौथा मामला गुजरात के जामनगर और महाराष्ट्र के डोंबिवली से सामने आया। वहीं आज दिल्ली में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट का पांचवां मामला सामने आया है।

गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना के इस नए वेरिएंट को काफी खतरे वाला बताया है। वहीं कुछ विशेषज्ञों ने इस वेरिएंट के चलते कई देशों में कोरोना की नई लहर की चेतावनी भी दी है। बता दें कि अब तक यह वेरिएंट कई देशों में फैल चुका है। ओमिक्रॉन वेरिएंट कोरोना के अन्य प्रकारों से अधिक संक्रामक है, क्योंकि ओमिक्रॉन में 32 म्यूटेशन हैं।