
16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप (प्रतीकात्मक तस्वीर)
तेलंगाना के हैदराबाद में एक 16 वर्षीय छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। छात्रा सोमवार से लापता थी और परिवार ने उसकी तलाश में कई जगह प्रयास किए। करीब 36 घंटे बाद पुलिस ने उसे चेंगीचेरला इलाके के एक फ्लैट से बरामद किया, जहां तीन युवकों ने कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता कक्षा 8 की छात्रा है और नरसिंगी इलाके में अपनी नानी के साथ रहती थी। सोमवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए निकली, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की और रिश्तेदारों से संपर्क किया, पर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मां ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन डेटा और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने छात्रा की लोकेशन ट्रेस की। पता चला कि 24 वर्षीय मुख्य आरोपी, जो पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, ने छात्रा को अपने दो साथियों के साथ चेंगीचेरला के एक खाली फ्लैट में रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक किशोर को जुवेनाइल होम भेजा गया है। तीसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, लूट और मारपीट के मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ संदिग्ध सूची में नाम दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा ने एक स्थानीय दुकानदार के फोन से एक आरोपी को कॉल किया था, जो जांच में अहम कड़ी साबित हुआ। इसी नंबर की मदद से पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर फ्लैट तक पहुंच बनाई। मेडिकल जांच में छात्रा के साथ मारपीट और दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा और आरोपियों से आगे पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग की जाएगी।
Published on:
20 Feb 2026 01:21 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
