
11 साल की बच्ची का रेप (प्रतिकात्मक तस्वीर)
बेंगलुरु में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर के साउथ वेस्ट इलाके में एक 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी एक प्रवासी मजदूर है। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद मुन्ना के रूप में हुई है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुन्ना मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और बेंगलुरु में कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था।
शुरुआती जांच के अनुसार घटना बुधवार शाम को हुई जब पीड़ित बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी उसे बहला फुसलाकर पास के एक अधूरे निर्माणाधीन भवन में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को 150 रुपये दिए और उसे किसी को कुछ न बताने के लिए कहा। घटना के बाद बच्ची जब घर लौटी तो उसके पास पैसे देखकर परिजनों को शक हुआ। पूछताछ करने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई। इस खुलासे के बाद परिवार तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर उसे निशाना बनाया। इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, बल्कि समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती हैं। बच्ची इस घटना से मानसिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुई है और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई है। शिकायत मिलने के बाद ज्ञानभारती पुलिस स्टेशन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया है।
साउथ वेस्ट बेंगलुरु के डीसीपी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लिया गया है। जांच जारी है और पीड़िता को मेडिकल और काउंसलिंग सहायता दी जा रही है। पुलिस अब आरोपी के पिछले रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी कोई अपराध किया है या नहीं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच को तेज कर दिया गया है और सभी कानूनी प्रक्रिया सख्ती से अपनाई जा रही है।
Updated on:
10 Apr 2026 10:53 am
Published on:
10 Apr 2026 10:53 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
