
क्रिकेट मैच के दौरान विवाद होने पर एंपायर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते एक भयानक घटना में बदल गया। मैच के दौरान रन-आउट के फैसले को लेकर खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हुई, जिसे एंपायरों ने मौके पर सुलझा दिया था। लेकिन बाद में इसी बात को लेकर फिर से लड़ाई होने लगी जिसके दौरान आरोपी ने एंपायरों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 21 वर्षीय एंपायर डोला अजित बाबू की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय मैदान पर रविवार शाम तीन टीमों के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था। इसी दौरान एक रन-आउट फैसले को लेकर दो टीमों के खिलाड़ियों में विवाद हो गया। अंपायर डोला अजित बाबू और उनके साथी बुडुमुरी चिरंजीवी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हालांकि, एक कांता किशोर नामक एक दर्शक इस फैसले से नाराज हो गया और उसने अंपायरों तथा खिलाड़ियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उस समय गांव के बुजुर्गों ने भी हस्तक्षेप कर विवाद को खत्म कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद आरोपी कांता किशोर ने अंपायरों को बात करने के बहाने पास के एक स्थान पर बुलाया। वहां पहुंचते ही फिर से बहस शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। अजित बाबू के सीने में गंभीर चोट लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर गया। उनके साथी चिरंजीवी भी घायल हुए, जबकि बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी उस समय शराब के नशे में था और उसने पहले से हमले की योजना बनाई थी।
घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से अजित बाबू को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की पूरी जांच की जा रही है।
Published on:
06 Apr 2026 04:11 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
