
मृतका और पुलिसकर्मी (फोटो- Hate Detector एक्स पोस्ट)
आंध्र प्रदेश के माचेरला कस्बे में एक सनसनीखेज ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और सामाजिक मानसिकता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवती की लव मैरिज से नाराज उसके घर वालों ने पहले उसकी हत्या कर दी और फिर उसे आत्महत्या दिखा दिया। इस पूरे मामले में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका भी सामने आई है। पुलिसकर्मी पर रिश्वत लेकर मामला दबाने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौदेश्वरी नाम की युवती अपने प्रेमी के साथ रिश्ते में थी, जिसे उसका परिवार स्वीकार नहीं कर रहा था। 4 मार्च को उसने घर छोड़कर अपने प्रेमी से शादी कर ली। इसके बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू की और 15 मार्च को माचेरला के सर्कल इंस्पेक्टर ने दोनों को ढूंढ निकाला। आरोप है कि अधिकारी ने युवती पर दबाव डालकर उसे उसके परिवार के पास वापस भेज दिया। यह फैसला बाद में उसकी जिंदगी के लिए घातक साबित हुआ।
घर लौटने के तीन दिन बाद ही चौदेश्वरी की मौत हो गई। परिवार ने शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया और मामला शांत करने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे को झूठा साबित कर दिया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि युवती की हत्या की गई थी और उसे सोते समय तकिए से दबाकर मारा गया। इस खुलासे के बाद मामला पूरी तरह बदल गया और पुलिस ने इसे हत्या के रूप में दर्ज किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सर्कल इंस्पेक्टर ने युवती के परिवार से रिश्वत ली थी और मामले को दबाने की कोशिश की। आरोप है कि उसने जानबूझकर युवती को उसके परिवार के हवाले किया, जबकि उसे खतरे का अंदेशा था। इसके अलावा, हत्या के बाद सबूत मिटाने और मामले को आत्महत्या दिखाने में भी उसकी भूमिका की जांच हो रही है। फिलहाल अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है और उसके खिलाफ आपराधिक साजिश, रिश्वतखोरी और सबूत नष्ट करने जैसे गंभीर आरोपों की जांच जारी है।
Updated on:
06 Apr 2026 08:49 am
Published on:
06 Apr 2026 08:48 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
