
स्कूली छात्रों ने क्लास मॉनिटर की पिटाई की (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गुजरात के अहमदाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा के तीन छात्रों द्वारा क्लास मॉनिटर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के बाद छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जिसके चलते आरोपी छात्रों ने क्लास मॉनिटर से बदला लेने की योजना बनाई और अगले दिन स्कूल में उस पर हमला कर दिया। यह मामला शहर में छात्र सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर चर्चा का केंद्र बन गया है। इस घटना के बाद पुलिस कार्रवाई के साथ शिक्षा विभाग ने भी स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह विवाद स्कूल छुट्टी के समय शुरू हुआ, जब मॉनिटर ने तीन छात्रों को लाइन में खड़े होने को कहा। इस बात से नाराज छात्रों ने कथित तौर पर उसे साइकिल पार्किंग क्षेत्र के पास धमकाया। लेकिन सिर्फ इतने में ही छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने बदला लेने के लिए अगले दिन छात्र के साथ मारपीट करने की योजना बनाई। इसी के अनुसार अगले दिन लंच के समय में तीनों छात्रों ने मॉनिटर का पीछा किया और वॉशरूम के पास उसे रोक लिया।
यहां पर तीनों छात्रों ने मिलकर मॉनिटर के साथ मारपीट की। इस दौरान छात्रों ने मॉनिटर को कॉलर से पकड़ कर मारा और उसकी शर्ट के बटन भी तोड़ दिए। छात्रों ने मॉनिटर को धमकी भी दी और धारदार हथियार दिखाकर उसे धमकाया भी। छात्रों ने मॉनिटर से कहा कि वह गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। घटना से डरे छात्र ने घर जाकर अपने परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी। बच्चे की बात सुनने पर उसके माता-पिता घबरा गए और उन्होंने नजदीकी थाने में जाकर आरोपी छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपित छात्रों की भूमिका की जांच शुरू कर दी। मामला सामने आने के बाद अहमदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की टीम ने भी स्कूल का दौरा किया। जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी के निर्देश पर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में प्रिंसिपल और प्रशासनिक प्रमुख से जवाब मांगा गया है।
यह घटना स्कूल से जुड़े पिछले गंभीर मामलों की याद भी दिलाती है। पिछले वर्ष इसी स्कूल में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या की घटना सामने आई थी, जिसने राज्य स्तर पर चिंता बढ़ाई थी। वह मामला गुजरात हाई कोर्ट तक पहुंचा था, जहां स्कूल स्टाफ पर सुरक्षा और समय पर चिकित्सा सहायता में चूक के आरोप लगे थे। मौजूदा मामले की जांच भी इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
Updated on:
06 Feb 2026 04:14 pm
Published on:
06 Feb 2026 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
