
फिर खराब हुई दिल्ली की एयर क्वालिटी, BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल कारों में लगा प्रतिबंध
कड़ाके की सर्दी के बीच देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर एयर क्वालिटी खराब हो गई है, जिसके चलते दिल्ली सरकार ने 12 जनवरी तक BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल कारों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिल्ली सरकार ने यह प्रतिबंध CAQM (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) के निर्देश में लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सोमवार को शाम चार बजे 434 पर रहा, जो एक दिन पहले रविवार को 371 हो गया था। प्रतिबंध का यह आदेश संशोधित GRAP के चरण III और मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत दिया गया है, जिसमें आपातकालीन सर्विस और पुलिस वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि हम पर्यावरण विभाग के साथ स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता में सुधार होता है तो शुक्रवार से पहले प्रतिबंध हटाया जा सकता है।
आदेश का उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना
BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल कारों पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश में बताया गया है कि यदि कोई BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल कारों से सड़कों पर चलता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 194 (1) के तहत मुकदमा चलाया जाएगा, जिसमें 20,000 रुपए जुर्माना देना पड़ेगा।
6 जनवरी को लागू किया गया था GRAP -3
इससे पहले CAQM ने दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए 6 जनवरी को आपात बैठक की थी। इसके बाद CAQM ने GRAP -3 लागू करते हुए दिल्ली-NCR में सभी प्रकार के निर्माण व तोड़फोड़ के कामों पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध दो दिन पहले ही खत्म किया गया है, जिसके बाद आज BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल कारों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है। यह प्रतिबंध कल यानी मंगलवार से शुक्रवार तक लागू रहेगा।
यह भी पढ़ें: IMD का 11-12 जनवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी में बारिश का अलर्ट, जम्मू-कश्मीर, हिप्र में होगी भारी बर्फबारी
Updated on:
10 Jan 2023 09:11 am
Published on:
09 Jan 2023 08:07 pm
