
राज्यसभा। (फोटो- ANI)
विपक्ष के भारी हंगामे के बाद राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन में विपक्ष दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर अड़ा रहा, जिसके बाद स्पीकर ने सदन को स्थगित करने का फैसला लिया।
बता दें कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है।
एक दिन पहले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने छात्र आंदोलन को लेकर पीएम आवास का घेराव किया था, जिसके चलते सभी को पुलिस थोड़ी देर तक हिरासत में लेकर रखा. आज संसद में इसकी गर्मी साफ नजर आई।
कांग्रेस समेत विपक्षी सांसद नीट परीक्षा व पेपर लीक के मुद्दे पर तुरंत चर्चा व केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस पर सरकार ने बुधवार को राज्यसभा में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार मानसून सत्र के पहले दिन से ही नीट परीक्षा और कथित प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है। इस संबंध में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को भी सरकार का रुख बताया गया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चर्चा किस नियम के तहत और किस स्वरूप में होगी, इस पर सभी पक्षों से बातचीत कर निर्णय लिया जा सकता है, लेकिन चर्चा से बचने के लिए शर्तें लगाना उचित नहीं है।
सदन में सुबह हुए हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामे के बाद फिर से कल तक के लिए स्थगित हो गई।
कार्यवाही शुरू होने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कुछ मांगें रखी हैं और सरकार उनका जवाब देना चाहती है, लेकिन इसके लिए विपक्ष को सरकार की बात भी सुननी चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि सरकार मानसून सत्र के पहले दिन से ही नीट परीक्षा और कथित प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इसमें शर्तें लगाना उचित नहीं है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है। लेकिन, इस बीच सदन में फिर हंगामा शुरू हो गया।
Updated on:
22 Jul 2026 03:36 pm
Published on:
22 Jul 2026 03:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
