
सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हिट एंड रन का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जनकपुरी इलाके में एक दर्दनाक रोड एक्सीडेंट में एक छह साल की मासूम बच्ची ने तड़प-तड़प कर अपनी जान दे दी लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। बच्ची की दादी जो कि घटना के समय उसके साथ थी उन्होंने समय पर मदद नहीं मिलने का आरोप लगया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 7:40 बजे जनकपुरी फायर स्टेशन के पास हुई थी। बच्ची अपनी 57 वर्षीय नानी मर्सी जेवियर के साथ ई रिक्शा से स्कूल जा रही थी। तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी और ई रिक्शा पलट गया और मर्सी जेवियर और उनकी नातिन सड़क पर गिर गए। मर्सी जेवियर ने बताया कि होश आने पर उन्होंने देखा कि उनकी नातिन खून से लथपथ उनके पास पड़ी थी। इसके बाद वह तुरंत उठी और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से बच्ची को अस्पताल ले जाना के लिए मदद मांगी।
आरोप है कि मौके पर मौजूद एक कार चालक से उन्होंने अस्पताल ले जाने की विनती की, लेकिन वह बिना मदद किए वहां से चला गया। समय पर मदद नहीं मिलने के चलते बच्ची की हालत और अधिक बिगड़ गई। बच्ची की मां, जो एक अस्पताल में काम करती हैं, को हादसे की सूचना अस्पताल के एक स्टाफ सदस्य से मिली। मां के अनुसार, एक कर्मचारी ने पूरी घटना देखी थी और बताया कि वृद्ध महिला सड़क पर रो रही थीं और मदद मांग रही थीं, लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही।
आखिरकार अस्पताल की एक नर्स ने आगे बढ़कर बच्ची को दूसरे व्यक्ति की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें माता चनन देवी अस्पताल ले जाया गया, बाद में द्वारका स्थित एक अन्य चिकित्सा केंद्र में शिफ्ट किया गया। हालांकि इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि उन्होंने हादसे की सूचना के बाद मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की पहचान संजीव के रूप में की है। उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फायर स्टेशन व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी को समझा जा सके।
Updated on:
20 Feb 2026 09:23 am
Published on:
20 Feb 2026 09:11 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
