
Delhi Police recover over 2,000 live cartridges ahead of Independence Day
दिल्ली पुलिस ने आज 75वें स्वतंत्रता दिवस से पहले गोला-बारूद की तस्करी में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पास से 2,000 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक गन हाउस के मालिक सहित 6 लोगों को हमने 2 हजार से अधिक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। प्रथम दृष्टया में यह आरोपी किसी आपराधिक गिरोह के सदस्य प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि अभी इन आरोपियों की जांच की जा रही है, किसी भी आतंकी कोण से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को इन आरोपियों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने दिल्ली के आनंद विहार से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिन ने इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही अब पुलिस ने दिल्ली में जांच व पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक हैंडलर सद्दाम को जौनपुर से गिरफ्तार किया गया है, जबकि गनहाउस के मालिक परीक्षित नेगी को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं गोला-बारूद के कोरियर लेने वाले की पहचान राशिद और अजमल के रूप में की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को सर्च किया जा रहा है। इसके अलावा यह भी संदेह है कि वर्तमान में मेरठ में रहने वाले व्यक्ति की भी इसमें संलिप्तता है।
पतंग उड़ाने वाले लोगों से पुलिस ने मांगा सहयोग
दिल्ली में 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर या उससे पहले किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन व ध्वजारोहण समारोह के दौरान किसी भी आवारा पतंगों को लाल किले के अंदर गिरने से रोकने के लिए सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए पुलिस ने 231 नियमित पतंग उड़ाने वाले लोगों का भी सहयोग मांगा है।
आतंकियों के निशाने पर दिल्ली
खुफिया एजेंसियों ने कुछ दिन पहले ही दिल्ली के लिए अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियों की माने तो कई आतंकी संगठन दिल्ली को दहलाने की फिराक में हैं। IB ने 15 अगस्त को लेकर भी सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
Updated on:
12 Aug 2022, 4:17 PM IST
Published on:
12 Aug 2022, 4:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.