21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली में मौत का सौदागर बेनकाब! रिहायशी इलाके में चल रहा था अवैध दवाओं का खेल, 104 वैरायटी जब्त

Fake Drugs Seized Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने शाहदरा में अवैध दवा बिक्री के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की गई।

2 min read
Google source verification
Illegal Medicine Racket

Illegal Medicine Racket

Illegal Medicine Racket Delhi: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने पूर्वी दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में अवैध दवा बिक्री के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम ने सोमवार को राशिद मार्केट, गांव खुरेजी, शाहदरा स्थित एक परिसर पर छापा मारकर 104 प्रकार की दवाओं की भारी मात्रा जब्त की। साथ ही 23 एक्सपायर्ड दवाएं भी बरामद की गईं। मंत्री ने बताया कि गुप्त सूचना पर असिस्टेंट ड्रग्स कंट्रोलर (ईस्ट) के पर्यवेक्षण में ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने यह छापेमारी की। डिकॉय ऑपरेशन के तहत एक गुप्त ग्राहक को भेजा गया, जिसने बिना प्रिस्क्रिप्शन और बिना कैश मेमो के कई दवाएं खरीदीं। इससे अवैध बिक्री की पुष्टि हुई। छापे के दौरान बरामद निशान वाली करेंसी नोट भी आरोपी के पास से मिली।

अवैध बिक्री और वितरण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सुनिश्चित कर रही है कि दवाएं कानून के अनुसार ही बेची जाएं। अवैध बिक्री या वितरण जैसे किसी भी उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम सभी हितधारकों से अपील करते हैं कि वे नियामक मानदंडों का पालन करें और नागरिकों से भी अनुरोध है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना दें।

संचालक के पास नहीं था कोई वैध ड्रग लाइसेंस

जांच में पता चला कि परिसर संचालक के पास कोई वैध ड्रग लाइसेंस नहीं था। वह बिना लाइसेंस के दवाओं की बिक्री, स्टॉकिंग और वितरण कर रहा था, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 का सीधा उल्लंघन है। आगे की जांच से पता चला कि इस परिसर का लाइसेंस सितंबर 2024 में सक्षम प्राधिकारी द्वारा रद्द कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अवैध रूप से दवाएं स्टॉक कर रहा था और बेच रहा था।

गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए दवाओं के सैंपल

विभाग ने चयनित दवाओं के सैंपल गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे हैं। पूरी छापेमारी कानूनी प्रोटोकॉल के अनुसार की गई, जिसमें वीडियोग्राफी और उचित दस्तावेजीकरण शामिल था ताकि सबूतों की सत्यता बनी रहे। अब आगे की जांच चल रही है जिसमें जब्त दवाओं के स्रोत का पता लगाया जाएगा और सभी संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने फिर से दोहराया कि वह जन स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग ने अवैध दवा बिक्री और वितरण के खिलाफ चेतावनी जारी की है।