6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पूणे के मंदिर में लगे मेले में बिकी ‘मेड इन पाकिस्तान’ चादरें? वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू

पुणे के धार्मिक मेले से खरीदी गई बेडशीट पर मेड इन पाकिस्तान का टैग मिलने के दावे ने विवाद खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विक्रेताओं की पहचान की जा रही है।

2 min read
Google source verification

पुणे

image

Himadri Joshi

Jun 06, 2026

viral video

वायरल वीडियो (फोटो- Angry Saffron एक्स पोस्ट)

महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड इलाके में एक धार्मिक मेले से खरीदी गई बेडशीट पर मेड इन पाकिस्तान टैग मिलने के दावे ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए हैं। वीडियो में महिला ने दावा किया कि उसने मोरया गोसावी मंदिर परिसर में लगे मेले से बेडशीट खरीदी थी। महिला के अनुसार, घर पर धुलाई के दौरान उसे इस पर लगा पाकिस्तान निर्मित टैग दिखाई दिया। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विक्रेताओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

मंदिर परिसर में लगे मेले से ली गई थी बेडशीट

वायरल वीडियो में खुद को पूजा सराफ बताने वाली महिला ने मराठी भाषा में अपनी बात रखते हुए कहा कि हर महीने संकष्टी चतुर्थी के अवसर पर मंदिर परिसर में छोटा मेला लगता है, जहां कई लोग घरेलू सामान बेचते हैं। महिला ने बताया कि उसने वहीं से कुछ वस्तुएं खरीदीं, जिनमें एक बेडशीट भी शामिल थी। बाद में जब उसने बेडशीट धोने की तैयारी की, तब उसे उस पर मेड इन पाकिस्तान लिखा टैग दिखाई दिया। महिला ने वीडियो में कहा कि यह देखकर उसे दुख हुआ, क्योंकि कई अन्य लोग भी वहां से ऐसे सामान खरीदकर अपने घर ले गए होंगे। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैल गया।

पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया

वीडियो के वायरल होने के बाद पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए विशेष जांच टीम बनाई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि संबंधित बेडशीट कहां से आई और उसे बेचने वाला विक्रेता कौन था। साथ ही पिंपरी-चिंचवड नगर निगम को भी ऐसे उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले

यह पहला मामला नहीं है जब महाराष्ट्र में पाकिस्तान निर्मित उत्पादों को लेकर कार्रवाई हुई हो। पिछले महीने धुले जिले में पुलिस ने दो व्यापारियों पर पाकिस्तान में बने कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया था। छापेमारी के दौरान फेस क्रीम, साबुन, सीरम और ब्यूटी पैक जैसे उत्पाद बरामद किए गए थे। इससे पहले छत्रपति संभाजीनगर में भी तीन व्यापारियों पर पाकिस्तान निर्मित सामान रखने और बेचने के आरोप लगे थे। केंद्र सरकार पहले ही पाकिस्तान से आने वाले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगा चुकी है। ऐसे में अब इस नए मामले ने प्रशासन की सतर्कता और बढ़ा दी है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग