7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी का उड़ाया मजाक, कहा- अपनी पार्टी में नहीं मिल रहा समर्थन

BJP vs TMC: तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी मतभेदों की चर्चाओं के बीच अभिषेक बनर्जी के INDIA ब्लॉक बैठक में शामिल होने पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने तंज कसा है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Jun 07, 2026

BJP vs TMC

फोटो में टीएमसी लीडर अभिषेक बनर्जी और भाजपा नेता दिलीप घोष (सोर्स: ANI)

INDIA Bloc Meeting: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर कथित मतभेदों और नेताओं के बीच बढ़ती खींचतान को लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला है।

8 जून को देश की राजधानी दिल्ली में होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी को लेकर घोष ने तंज कसते हुए कहा कि जब उनकी अपनी पार्टी ही उनके साथ नहीं है, तो और कौन उनका समर्थन करेगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब TMC के भीतर असंतोष और संभावित बगावत की खबरें सुर्खियों में हैं। कुछ रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पार्टी के कई विधायक और सांसद पार्टी आलाकमान (शीर्ष नेतृत्व) से नाराज हैं।

टीएमसी में बगावत

टीएमसी से निष्कासित नेता ऋतब्रत बनर्जी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनका समूह धीरे-धीरे और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुने गए दो-तिहाई विधायक उनके साथ हैं और इसी आधार पर उन्होंने विधानसभा में अपनी विधायी पार्टी पर दावा किया है। उनके अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने भी उनके दावे को स्वीकार कर लिया है।

ऋतब्रत बनर्जी ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बागी विधायकों के समूह की मुख्य सलाहकार (चीफ एडवाइजर) बनें। दूसरी ओर, पार्टी के कई नेताओं के अलग होने की अटकलों के बीच तृणमूल कांग्रेस ने संगठन में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। डेरेक ओ'ब्रायन और डोला सेन को राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जो राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ मिलकर संगठनात्मक कामकाज संभालेंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी की खराब सेहत को देखते हुए चंद्रिमा भट्टाचार्य को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की राज्य इकाई को कई वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी सहयोग देंगे।

8 जून को INDIA ब्लॉक की मीटिंग

बता दें INDIA ब्लॉक की अहम बैठक 8 जून को होने जा रही है। यह बैठक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की बड़ी हार के बाद हो रही है। चुनाव में TMC केवल 80 सीटें जीत सकी, जबकि भाजपा ने 294 में से 208 सीटों पर जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया। बैठक में TMC समेत कई विपक्षी दलों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, INDIA गठबंधन की प्रमुख सहयोगी पार्टी DMK ने इस बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है। DMK कांग्रेस से नाराज बताई जा रही है। पार्टी का कहना है कि उसके कार्यकर्ता कांग्रेस के रवैये से बेहद निराश हैं। DMK के इस फैसले को INDIA ब्लॉक के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि यह पार्टी गठबंधन की मजबूत सहयोगियों में गिनी जाती रही है।