
Arvind Kejriwal E20 Petrol : E20 पेट्रोल पर केजरीवाल ने उठाया सबसे बड़ा सवाल (फोटो सोर्स: ANI)
E20 Petrol Controversy: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार से बड़ा कदम उठाने की मांग की है। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) को पत्र लिखकर कहा है कि E20 पेट्रोल की कीमत कम की जानी चाहिए, क्योंकि इसमें वाहनों का माइलेज कम होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर E20 पेट्रोल से गाड़ी कम दूरी तय कर रही है तो इसकी कीमत भी कम होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने का समय भी मांगा है ताकि वह लोगों की समस्याओं और उनकी चिंताओं को सीधे उनके सामने रख सकें।
अरविंद केजरीवाल का कहना है कि देशभर में कई वाहन मालिक E20 पेट्रोल को लेकर परेशान हैं। लोगों की शिकायत है कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद गाड़ियों का माइलेज कम हो गया है और कुछ लोगों ने इंजन के पार्ट्स को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जब किसी ईंधन से गाड़ी की परफॉर्मेंस और माइलेज प्रभावित हो रही है तो उसकी कीमत भी ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए तय होनी चाहिए।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में E20 पेट्रोल को लेकर दो मांगें रखी हैं।
पेट्रोल पंपों पर E0/E10 और E20 दोनों विकल्प मिलें
केजरीवाल ने मांग की है कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को शुद्ध पेट्रोल (E0 या E10) और E20 पेट्रोल दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार ईंधन चुन सकें।
E20 पेट्रोल की कीमत कम की जाए
उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल का माइलेज कम होने के कारण इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से कम होनी चाहिए, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त खर्च का बोझ न पड़े।
केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि जो लोग E20 पेट्रोल से परेशान हैं, वे अपने एक्सपीरियंस के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करें। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए लोगों को अपनी समस्याएं सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री के नाम एक ऑनलाइन पिटिशन भी शुरू की है, जिसमें लोग E20 पेट्रोल को लेकर अपने अनुभव शेयर कर सकते हैं।
केजरीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पेट्रोल पंपों पर जाकर वाहन चालकों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के जरिए सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ पेट्रोल की कीमतों तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन मालिकों, ऑटोमोबाइल उद्योग और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा हुआ है।
देश में E20 पेट्रोल को बढ़ावा देने का उद्देश्य पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाकर आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना और प्रदूषण को नियंत्रित करना है। हालांकि, कुछ वाहन मालिकों ने इसके माइलेज और पुराने वाहनों पर इसके असर को लेकर सवाल उठाए हैं। इसके अलावा केजरीवाल ने पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की।
Updated on:
14 Jul 2026 01:39 pm
Published on:
14 Jul 2026 12:43 pm
