20 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Maharashtra Murder: बेटी खाना लेकर पहुंची तो मां का शव मिला, पिता गंभीर घायल, बुजुर्ग दंपती पर हमले से गांव में हड़कंप

Maharashtra Crime News: सातारा जिले के मार्डी गांव में बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका 75 वर्षीय पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
2 min read
Google source verification
Maharashtra Murder

एआई तस्वीर

Elderly Woman Murder: महाराष्ट्र के सतारा जिले के मार्डी गांव में एक बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके 75 वर्षीय पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली है, लेकिन वह फरार है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मृतका की पहचान सालूबाई मारुति पवार के रूप में हुई है। उनके पति मारुति शंकर पवार का दहिवड़ी ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है।

खेत के पास बने घर में रहते थे दोनों

यह घटना मान तहसील के मार्डी गांव में पवार बस्ती स्थित उनके खेत के पास बने घर में हुई। पुलिस के अनुसार मारुति पवार अपनी पत्नी के साथ खेत के पास बने घर में रहते थे। उनकी दिव्यांग बेटी गांव में स्थित घर से खाना लेकर वहां पहुंची थी। घर के पीछे मां सालूबाई का शव देखकर वह घबरा गई। उसने तुरंत रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दहिवड़ी पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलने पर दहिवड़ी के सहायक पुलिस निरीक्षक भाऊसाहेब गोसावी और शिंगणापुर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

धारदार हथियार से हमला किया

जांच में पता चला कि सालूबाई पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उनके पति भी हमले में गंभीर रूप से घायल मिले। पुलिस ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रणजीत सावंत और स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक विश्वजीत घोडके भी मौके पर पहुंचे। शुरुआती पूछताछ में एक संदिग्ध का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार वह घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

हत्या की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस को आशंका है कि वारदात सोमवार रात हुई होगी। हालांकि हमले के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चला है। पुलिस उपाधीक्षक रणजीत सावंत मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध के पकड़े जाने के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा। दशहरे और नवरात्र के समापन के बीच हुई इस घटना से मान तहसील और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस के सामने अब फरार संदिग्ध को पकड़ने और हत्या की वजह का पता लगाने की चुनौती है।