22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्य सभा चुनाव में पार्टी को क्यों दिया धोखा? सस्पेंड होने के बाद विधायक बोले- मेरे पिता को दल से बाहर किया था…

ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और पार्टी-विरोधी गतिविधि के आरोप में छह विधायकों को निलंबित कर दिया। इनमें सौविक बिस्वाल भी शामिल हैं।

2 min read
Google source verification

बीजेडी के विधायक सौविक बिस्वाल। (फोटो- X/BiswalSouvic)

ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया है। राज्य सभा चुनाव में पार्टी वरोधी गतिविधि और क्रॉस वोटिंग के कारण विधायकों पर यह कार्रवाई हुई है।

बीजेडी के विधायक सौविक बिस्वाल को भी पार्टी ने सस्पेंड किया है। इस बीच, उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाई है। साथ ही अपने पिता प्रभात रंजन बिस्वाल को पार्टी से निकाले जाने की आलोचना भी की है।

नविन पटनायक को बता दिया था, वोट नहीं दूंगा

बिस्वाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा- मैंने कारण बताओ नोटिस में इस बात का जिक्र किया है कि मेरे पिता का किस तरह अपमान किया गया और उन्हें बिना किसी वजह के पार्टी से निकाल दिया गया।

बिस्वाल ने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनके पिता के साथ गलत बर्ताव किया। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्यसभा चुनाव से पहले ही बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक को बता दिया था कि वे अपनी पार्टी को वोट नहीं देंगे।

पहले विधायकों से मांगा गया था जवाब

बता दें कि वरिष्ठ नेता प्रभात रंजन बिस्वाल को पार्टी से निकालना, हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ BJD की अनुशासनात्मक कार्रवाई का ही एक हिस्सा है।

शनिवार को जारी बिजू जनता दल के एक बयान में कहा गया कि पार्टी की अनुशासन समिति ने विधायकों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाबों की जांच की। जिसमें पाया गया कि छह विधायकों ने BJD के संविधान के मूल सिद्धांत का उल्लंघन किया है। इस वजह से उन पर कार्रवाई हुई।

पूर्व सीएम की अध्यक्षता में हुई थी बैठक

बीजेडी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई। निलंबित किए गए विधायकों में बालिगुडा से चक्रामणि कन्हार, जयदेव से नब किशोर मल्लिक, चौद्वार-कटक से सौविक बिस्वाल, बास्ता से सुभाषिनी जेना, तिर्तोल से रमाकांत भोई और बांकी से देवी रंजन त्रिपाठी शामिल हैं।

ओडिशा में किस पार्टी से कितने उम्मीदवार पहुंचे राज्य सभा

राज्य सभा चुनाव में BJP ने ओडिशा से दो सीटें जीतीं, जबकि पार्टी समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय भी निर्वाचित हुए। उधर, बीजेडी उम्मीदवार संतृप मिश्रा ने भी चुनाव में जीत दर्ज की।

वहीं, BJD, कांग्रेस और CPI (M) के समर्थन वाले उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद बीजेडी नेताओं ने BJP पर 'हॉर्स ट्रेडिंग' (विधायकों की खरीद-फरोख्त) में लिप्त होने का आरोप लगाया था।