7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Petrol Diesel Price Hike: देश में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, प्रति लीटर 3 रुपए की हुई बढ़ोतरी

fuel inflation India: मंहगाई की मार, देश भर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, आज शुक्रवार से लागू हुए नए दाम।

2 min read
Google source verification
Petrol Pump

Visual from a petrol pump (File photo/ANI)

Petrol-Diesel: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले कई दिनों से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी, जो अब सच साबित हुई है। आज शुक्रवार सुबह 6 बजे से दिल्ली समेत देशभर में पेट्रोल और डीजल के नए दाम लागू कर दिए गए हैं। नई दरों के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की कीमत में 3-3 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। आपको बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी जंग की शुरुआत के बाद पहली बार है जब देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि हुई है। वहीं दिल्ली में CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई थी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में सीएनजी (CNG) की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 94.77 से बढ़कर 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमतों में भी वृद्धि हुई है और यह 87.67 रुपए से 90.67 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

अन्य महानगरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें

राजधानी दिल्ली के अलावा अन्य महानगरों में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 108.74 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि मुंबई में यह 106.68 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल अब 103.67 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

डीजल की बात करें तो कोलकाता में इसकी कीमत 95.13 रुपए प्रति लीटर हो गई है। मुंबई में डीजल 93.14 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि चेन्नई में उपभोक्ताओं को इसके लिए 92.25 रुपए प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल पर घटाई गई थी एक्साइज ड्यूटी

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले पेट्रोल और डीजल के दामों को स्थिर रखने के लिए स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में सरकार ने 10-10 रुपए की कटौती की थी। पेट्रोल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटाकर 3 रुपए जबकि डीजल पर यह 10 रुपए से घटाकर शून्य कर दी गई थी।

आपको बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोलियम उत्पादों के सावधानी पूर्वक उपयोग की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि आज समय की मांग है कि पेट्रोल-डीजल और गैस का उपयोग बहुत संयम से किया जाए। इससे न केवल विदेशी मुद्रा बचेगी बल्कि पश्चिम एशिया जंग का असर कम हो सकेगा।