8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Himachal Pradesh Bus Accident: चंबा में सड़क हादसा, 100 फीट नीचे गिरी बस; ड्राइवर-कंडक्टर समेत 7 की मौत

Bus Accident in Chamba: हिमाचल प्रदेश के चंबा में तीसा-बैरागढ़ सड़क पर बड़ा बस हादसा हुआ। शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस देवीकोठी के पास चालुंज मोड़ पर बेकाबू होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की खबर है। बस में करीब 18 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
Chamba Bus Accident Latest update.

हिमाचल के चंबा में सड़क हादसा। (Photo Screengrab- IANS)

Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर आज सुबह एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि 'शर्मा ट्रैवलर्स' की निजी बस सुबह करीब सात बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। देवीकोठी के समीप चालुंज मोड़ पर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई और करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

राहत बचाव के दौरान तीन शवों को बस से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण उसके अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए मौके पर दो जेसीबी मशीनें बुलाई गईं। उनकी मदद से बस को हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक चार और लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद 11 घायलों को बस से बाहर निकाला गया, जिनके इलाज के लिए पास के अस्पताल में भेजा गया।

क्या बोले एसपी चंबा?

हादसे के बारे में एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजा गया। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।

करीब 18 लोग थे बस में सवार

एक रिपोर्ट के मुताबिक, बस में 18 लोग सवार थे, फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही जान-माल के नुकसान की सही जानकारी मिल सकेगी। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस में करीब 25 लोग सवार थे। हादसे से 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 लोगों के घायल होने की खबर है।