
प्रतीकात्मक तस्वीर
IED Blast: जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर के लालेली में एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में दो जवान शहीद हो गए। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक पोस्ट में कहा अखनूर सेक्टर के लालेली में बाड़ के पास गश्त के दौरान संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस विस्फोट हो गया। इसमें दो जवान शहीद हो गए। व्हाइट नाइट कोर दो बहादुर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करती है और श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
अधिकारियों के मुताबिक जवान गश्त कर रहे थे, तभी अचानक दोपहर करीब 3.50 बजे भट्टल क्षेत्र में एक चौकी के पास तेज विस्फोट हुआ। इसमें एक कैप्टन समेत दो जवानों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी गई है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले अखनूर सेक्टर में एक मोर्टार शेल मिला था। जिसे बाद में बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों के कहा कि नामंदर गांव के पास प्रताप नहर में सुबह करीब 10 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने मोर्टार शेल देखा।
बता दें कि सोमवार को राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सैनिक नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में अग्रिम चौकी पर था, तभी उसे गोली लग गई। अधिकारियों ने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि गोलीबारी दोपहर करीब 2.40 बजे नियंत्रण रेखा के पार से आई थी।
8 फरवरी को केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार जंगल से सेना के गश्ती दल पर आतंकवादियों द्वारा गोलीबारी की गई, जो स्पष्टतः नियंत्रण रेखा पार करने के अवसर की तलाश में थे। भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और इसके बाद क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने के लिए घुसपैठ रोधी ग्रिड को मजबूत कर दिया गया।
Updated on:
11 Feb 2025 08:25 pm
Published on:
11 Feb 2025 06:21 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
