
IMD weather update : मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तूफान 'बिपोरजॉय' को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस चक्रवाती तूफान के अगले 36 घंटे में और अधिक तेज होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह चक्रवात भारतीय तटों से दूर है। ऐसे में इसका कोई सीधा प्रभाव तो नहीं है लेकिन इस तूफान का असर गोवा, कर्नाटक, उत्तरी केरल के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। इस दौरान यहां तेज हवा व तेज बारिश देखने को मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को कहा गया कि बिपरजॉय अगले 36 घंटे में खतरनाक रूप ले सकता है। इसे लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।
मछुआरों को समुद्र में जाने पर रोक
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि हम मछुआरों को सलाह दे रहे हैं कि वे 13 तारीख तक मध्य अरब सागर और15 तारीख तक उत्तर अरब सागर में मछली पकड़ने ना जाएं। अगर आप जबरदस्ती इन क्षेत्रों में जाते हैं, तो उचित नहीं होगा। डॉ. महापात्र ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून कल केरल और आसपास के तमिलनाडु क्षेत्र में आगे बढ़ गया है।
अगले 48 घंटों के दौरान कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, केरल के शेष हिस्सों और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही, उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव में मानसून अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों की ओर आगे बढ़ेगा। जिससे मौसम सुहावना होने की उम्मीद है, साथ में लोगों को भी राहत मिलेगी।
'बिपोरजॉय' तूफ़ान से कितना खतरा
मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन दिन के दौरान यह तूफान उत्तर पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ जाएगा। इस तूफान की चपेट में उत्तर केरल, कर्नाटक, गोवा के तटीय इलाके आ सकते हैं। उत्तर के कई राज्यों में भी इसका हल्का-फुल्का असर देखने को मिल सकता है। जिस कारण मौसम में उतार-चढाव में रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक चक्रवाती तूफान को तटीय इलाकों तक पहुंचने के लिए काफी लंबी यात्रा करनी है।
ऐसे में तूफान खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल यह गोवा से करीब 800 किमी दूर पश्चिम दक्षिण में है और मुंबई से 910 किमी दक्षिण पश्चिम में है। यहां से इसके उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। यह जैसे जैसे आगे बढ़ेगा वैसे वैसे इसका रूप विकराल होने की संभावना है। इस स्थिति में मौसम विभाग हर सेकंड इस तूफ़ान की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: जानिए कौन हैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के दामाद, PM मोदी क्यों मानते हैं इनको खास
यह भी पढ़ें: बृजभूषण की गिरफ्त से पहलवान ने खुद को छुड़ाया, इंटरनेशनल रेफरी ने की आरोपों की पुष्टि
Published on:
9 Jun 2023, 3:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.