
Income Tax raid in BBC Office New Delhi, Office Seal Took Mobile Phone of Employees
income tax raid in BBC Office: राजधानी दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के दफ्तरों में आयकर विभाग के अधिकारी सर्वे कर रहे हैं। बीबीसी के ऑफिस में आयकर विभाग के अधिकारियों के पहुंचने की खबर सामने आते ही देश का सियासी पारा हाई हो गया है। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। इसे स्वतंत्र प्रेस पर हमला बताया है। दूसरी ओर भाजपा की ओर से प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉफ्रेंस कर कहा कि देश में संविधान से ऊपर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है कि कानून के दायरे में है। गौरतलब हो कि मंगलवार दोपहर राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में कस्तूरबा गांधी मार्ग पर स्थित बीबीसी के ऑफिस में आयकर विभाग की टीम पहुंची। थोड़ी देर बाद मुंबई में भी बीबीसी के दफ्तर पर छापेमारी की बात सामने आई। अधिकारियों ने बीबीसी की दफ्तर को सील कर वहां काम कर रहे पत्रकारों का फोन जब्त कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार यह छापेमारी इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी को लेकर की जा रही है।
दफ्तर सील, लंदन हेडक्वार्टर को दी गई सूचना
बीबीसी के दफ्तर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। रेड की सूचना बीबीसी के लंदन स्थित हेडक्वार्टर को दी गई है। मालूम हो कि बीबीसी दुनिया की प्रतिष्ठित और बहुत पुरानी मीडिया संगठन है। भारत सहित दुनिया के लगभग सभी देशों में बीबीसी के दफ्तर है। बीते दिनों बीबीसी ने गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी। जिसकों लेकर देशभर के कई जगहों पर जमकर विरोध-प्रदर्शन हुआ था।
कांग्रेस ने कहा- यह अघोषित आपातकाल
बीबीसी के दफ्तर में आईटी की रेड पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश में कहा कि यहां हम अडानी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि'।
यह डराने वाली कार्रवाई, सरकार आचोलना से डरती हैः केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बीबीसी कार्यालय में आयकर विभाग के सर्वेक्षण अभियान को 'डराने की कार्रवाई' करार दिया और कहा कि सरकार आलोचना से डरती है। वेणुगोपाल ने कहा, बीबीसी के दफ्तरों पर आयकर विभाग के छापे से सरकार की हताशा दिखती है, यह दिखाता है कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है। उन्होंने कहा, हम डराने-धमकाने के इन हथकंडों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यह अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया अब और नहीं चल सकता।
भाजपा प्रवक्ता बोले- बीबीसी दुनिया की सबसे भष्ट कॉरपोरेशन
दूसरी ओर भाजपा की ओर से प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉफ्रेंस कर कहा कि बीबीसी पूरे विश्व की सबसे भ्रष्ट कॉरपोरेशन बन गई है। बीबीसी का प्रोपेगैंडा और कांग्रेस का एजेंडा मेल खाता है। बीबीसी को भारत के कानून को मानना होगा पालन करना होगा अगर कुछ गलत नहीं किया है तो फिर डर कैसा?
बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को लेकर हुआ जमकर विवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात दंगों पर बनी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर दिल्ली के जेएनयू, जामिया, डीयू सहित कई शैक्षणिक संस्थानों में जमकर विवाद हुआ था। प्रशासन इस डॉक्यूमेंट्री को भारत विरोधी बताते हुए स्क्रीनिंग रोकना चाह रहा था। जबकि कई लोग और छात्र संगठन इसे देखने की मांग पर अड़े थे।
यह भी पढ़ें - बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर नहीं लगेगा प्रतिबंध, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की बैन की मांग वाली याचिका
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी प्रतिबंध लगाने की याचिका
सुप्रीम कोर्ट ने ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन बीबीसी पर भारत में पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दिया है। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता की तरफ से दायर याचिका में गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री बना कर भारत को अस्थिर करने की साजिश की NIA से जांच की भी मांग की गई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आप इस तरह की राहत कैसे मांग सकते हैं, क्या कोर्ट डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगा सकता है।
Updated on:
14 Feb 2023 03:35 pm
Published on:
14 Feb 2023 12:55 pm
