
स्वदेशी रोबोट डॉग परम (फोटो- General Autonomy एक्स पोस्ट)
राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा पेश किया गया रोबोट डॉग चर्चा का विषय बना हुआ है। चीनी रोबोट को अपना बताकर पेश करने वाली इस यूनिवर्सिटी से सच सामने आने के बाद समिट का एक्सपो एरिया खाली करा लिया गया था। इसी बीच अब बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी ने पूरी तरह से भारत में निर्मित एक रोबडॉग पेश करके सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। जनरल ऑटोनॉमी नामक इस स्टार्टअप ने अपने नए रोबोट को परम (PARAM) नाम दिया है और इसके वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है।
जनरल ऑटोनॉमी ने एक्स पर परम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, बहुत हो गई ये सब बकवास। पेश है परम, भारत का सबसे शक्तिशाली स्वदेशी रोबोट डॉग। कंपनी ने आगे लिखा, यह न तो असेंबल किया गया, न ही खरीदा गया, बल्कि भारत में निर्मित और भारतीयों द्वारा निर्मित है। हमारे राष्ट्र के लिए, हमारी सदी के लिए, हमारी दुनिया के लिए। कंपनी ने स्पष्ट किया कि परम को भारत में भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन और विकसित किया है, न कि केवल विदेशी पार्ट्स को जोड़कर तैयार किया गया है। यह रोबोडॉग एनविडिया जेटसन जीपीयू और एक्ट्यूएटर्स से संचालित है, जो इसके एकमात्र गैर भारतीय घटक हैं।
कंपनी के अनुसार पिछले सात महीनों से इस प्रोजेक्ट पर लगातार काम चल रहा है और हर पखवाड़े इसमें सुधार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए परम के वीडियो में वह बेंगलुरु की सड़कों पर चलते हुए, ट्रैफिक के बीच बाधाओं को पहचानते हुए और 30 सेंटीमीटर तक की सीढ़ियां चढ़ते हुए दिखाया गया है। जनरल ऑटोनॉमी के अनुसार परम कम ऊंचाई वाले स्थानों में क्रैब वॉक मोड में प्रवेश कर सकता है और ऑटोमैटिक फॉल रिकवरी की क्षमता भी रखता है। स्टार्टअप का दावा है कि इसमें ऑटोनॉमस नेविगेशन और ट्रैकिंग सिस्टम मौजूद है, जिससे यह बिना मानवीय हस्तक्षेप के जटिल वातावरण में काम कर सकता है।
क्वाड्रुपेड रोबोट्स, जिन्हें आम तौर पर रोबोडॉग कहा जाता है, कठिन और असमतल सतहों पर बेहतर गतिशीलता के लिए डिजाइन किए जाते हैं और औद्योगिक निरीक्षण, सर्च एंड रेस्क्यू तथा डिफेंस लॉजिस्टिक्स में उपयोगी साबित हो रहे हैं। जनरल ऑटोनॉमी ने पिछले महीने स्टार्टअप इंडिया पहल के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष परम का प्रदर्शन भी किया था। कंपनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने रोबोट के प्रदर्शन को सराहा और टीम को दिल्ली की सर्दियों में परम का ध्यान रखने की सलाह दी। यह प्रस्तुति राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस 2026 के डीप टेक शोकेस का हिस्सा थी, जिसने भारतीय रोबोटिक्स इकोसिस्टम को नई पहचान दी।
Published on:
19 Feb 2026 10:01 am
