
अफगानिस्तान पर हुई एयरस्ट्राइक पर भारत ने दी प्रतिक्रिया (Photo-IANS)
Pakistan Airstrikes: भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में आम नागरिकों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तान का दावा है कि उसकी सैन्य कार्रवाई में कम से कम 70 उग्रवादी मारे गए, जबकि अफगानिस्तान ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हमले नागरिक इलाकों पर हुए और कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है।
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, हमले पूर्वी अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हुए, जहां कई नागरिक क्षेत्र प्रभावित हुए।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित नागरिकों की मौत हुई है। पवित्र रमज़ान के महीने में यह हमला बेहद चिंताजनक है और पाकिस्तान की आंतरिक विफलताओं को बाहर की ओर मोड़ने का प्रयास है।
इस दौरान भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के समर्थन को भी दोहराया।
वहीं हमलों को लेकर पाकिस्तान का कहना है कि हमले आतंकियों के ठिकानों पर किए गए। पाकिस्तान के उप-गृह मंत्री तलाल चौधरी ने जियो न्यूज से बातचीत में दावा किया कि कार्रवाई में 70 उग्रवादी मारे गए, हालांकि इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया।
अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमलों में कई घर और एक मदरसा भी नष्ट हुए हैं। उसने इसे देश की वायुसीमा और संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
सरकारी प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमलों में “महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग मारे गए और घायल हुए।” उन्होंने पाकिस्तान के 70 उग्रवादियों के मारे जाने के दावे को “गलत” बताया।
अफगान रेड क्रीसेंट सोसायटी के नंगरहार प्रांत के निदेशक मौलवी फजल रहमान फ़याज़ के अनुसार, 18 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए हैं।
हमलों के बाद काबुल में अफगान विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। मंत्रालय ने इसे अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का स्पष्ट उल्लंघन और उकसावे की कार्रवाई बताया।
अफगान सरकार ने चेतावनी दी कि ऐसे कदमों के “नकारात्मक परिणाम” के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार होगा।
Published on:
23 Feb 2026 07:38 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
