
पेट्रोल-डीजल के बाद ब्रेड के भी बढ़े दाम (Photo-AI)
Inflation Impact On Middle Class: देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह की चाय से लेकर ऑफिस जाने तक हर छोटी-बड़ी जरूरत महंगी होती जा रही है। पांच दिन में, मंगलवार को दूसरी बार, पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल और डीजल के दामों में 90-90 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। ब्रेड के दामों में भी 5 रुपये का इजाफा हुआ है। इससे पहले दूध की कीमतों में भी वृद्धि देखी गई थी। इससे अब लोगों का सुबह के नाश्ते से लेकर ऑफिस जाना भी महंगा हो गया है।
बता दें कि पेट्रोल-डीजल, सीएनजी, दूध और ब्रेड जैसी जरूरी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी ने मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पांच दिन में दूसरी बार बार बढ़ोतरी की है। मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में 90-90 पैसे में इजाफा किया है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत अब 98.64 रुपये हो गए हैं, जबकि डीजल की कीमत 91.58 रुपये हो गई है।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। पांच दिन में दो बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा होने से महंगाई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि बस और ऑटो का किराया बढ़ेगा। इसके अलावा मालभाड़ा बढ़ेगा, जिससे खाद्य पदार्थों पर भी महंगाई हो सकती है। वहीं ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए भी ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज, सरसो सहित कई चीजों पर महंगाई बढ़ सकती है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत के बाद खबरें सामने आ रही हैं कि ट्रकों की आवाजाही बाधित हुई है। द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पंप मालिक भविष्य में बढ़ती कीमतों का लाभ उठाने के लिए जमाखोरी का सहारा ले रहे हैं।
दूध के दाम बढ़ने के बाद अब ब्रेड के भी दाम बढ़ गए हैं, जिससे अब सुबह का नाश्ता भी महंगा हो गया है। कई प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए थे। अमूल दूध की कीमतों (Amul Milk Price Hike) में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, वहीं इसके बाद मदर डेयरी ने दूध के दाम (Mother Dairy Price Hike) 2 रुपये बढ़ा दिए। देशभर में ये नई कीमतें 14 मई से लागू हो गई हैं।
अब मॉडर्न ब्रेड के दामों में 5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटानिया और अन्य ब्रेड भी अपनी कीमत बढ़ा सकती है। इसके अलावा बिस्कुट के भी दाम बढ़ सकते हैं।
पिछले दिनों भी सीएनजी के दो बार दाम बढ़ गए हैं। 15 मई को सीएनजी के दाम में 2 रुपये की वृद्धि हुई थी। इसके बाद 17 मई को फिर एक रुपये की बढ़ोतरी हो गई। सीएनजी महंगी होने का असर ऑटो, टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन के किराए पर पड़ सकता है।
Updated on:
19 May 2026 11:01 am
Published on:
19 May 2026 11:01 am
