20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत की सैन्य ताकत होगी और मजबूत, अमेरिका ने अपाचे हेलिकॉप्टर और M777 तोपों के लिए दी बड़ी मंजूरी

India-US Defence Deal: भारत और अमेरिका के बीच 3,500 करोड़ रुपये से अधिक के दो बड़े रक्षा सौदों को मंजूरी मिली है। इसके तहत अपाचे हेलिकॉप्टर और M777 हॉवित्जर तोपों को अमेरिकी तकनीकी सपोर्ट मिलेगा।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

May 20, 2026

India-US Defense Deal

India-US Defense Deal (AI Image)

India-US Defense Deal: अमेरिका ने भारत को रक्षा क्षेत्र में बड़ी रणनीतिक मजबूती देते हुए करीब 428 मिलियन डॉलर यानी करीब 3,500 करोड़ रुपए से ज्यादा के दो सैन्य सहायता सौदों को मंजूरी दे दी है। इस डील्स में भारतीय सेना के लिए एएच-64ई अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर और एम777 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर तोपों के रख-रखाव और लॉजिस्टिक सपोर्ट शामिल हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक अपाचे हेलीकॉप्टर के रख-रखाव के लिए बोइंग और लॉकहीड मार्टिन तथा एम777 हॉवित्जर की सहायता सेवाएं ब्रिटेन की रक्षा कंपनी बीएई सिस्टम्स मदद देगी। भारत अपाचे हेलीकॉप्टर और हॉवित्जर तोपों के लिए लंबे समय से रख-रखाव, तकनीकी और इंजीनियरिंग मदद की मांग कर रहा था।

भारत के पास अभी 145 एम777ए2 अल्ट्रा हॉवित्जर तोपें और 28 एएच-64ई अपाचे हेलिकॉप्टर हैं। अमरीकी विदेश विभाग का कहना है कि यह प्रस्ताव भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने में मदद करेगा।

इसलिए अहम है डील

यह डील इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे भारत की सैन्य ताकत और रक्षा तैयारियां मजबूत होंगी। अपाचे हेलीकॉप्टर और एम777 हॉवित्जर पहले से भारतीय सेना में इस्तेमाल हो रहे हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखने के लिए नियमित रख-रखाव, तकनीकी सहायता और उपकरण जरूरी होते हैं। अमरीका की मंजूरी मिलने से भारत को इन हथियारों की बेहतर सर्विस और सपोर्ट मिलता रहेगा।

हॉवित्जर की खासियत

एम777 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर तोप अपनी हल्की बनावट और लंबी मारक क्षमता के लिए जानी जाती है। इसका वजन करीब 4200 किलोग्राम है, जो दूसरी तोपों की तुलना में काफी कम माना जाता है। इसे 5 सदस्यीय चालक दल संचालित करता है, जबकि जरूरत पड़ने पर इसमें अधिकतम 7 जवान तैनात किए जा सकते हैं। इसकी सामान्य मारक क्षमता 25 किलोमीटर है, जिसे विशेष गोला-बारूद के जरिए 40 किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है।

वहीं, एएच-64ई अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर भारतीय सेना के सबसे आधुनिक लड़ाकू हेलिकॉप्टरों में गिना जाता है। यह 21 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है और इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 280 किलोमीटर प्रति घंटा है। अपाचे हेलिकॉप्टर 16 एंटी-टैंक एजीएम-114 हेलफायर मिसाइलों और स्ट्रिंगर मिसाइल सिस्टम से लैस है, जो दुश्मन के टैंक, बख्तरबंद वाहन और हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग