
इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी(फोटो-ANI)
IndiGo Bomb News: लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 97 में बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट ने गुरुवार, 10 सितंबर को शाम 4:17 बजे लखनऊ से उड़ान भरी और शाम 5:43 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित उतरी।
विमान के अंदर एक क्रू मेंबर को कागज का एक टुकड़ा मिला, जिस पर 'BOMB' लिखा हुआ था। इसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई। विमान के अहमदाबाद पहुंचने के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल-2 में ले जाया गया। इसके बाद एसओजी, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीमों ने विमान की गहन जांच शुरू की। अभी तक विमान से किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के मिलने की जानकारी नहीं है। धमकी की जांच जारी है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कुछ ही दिनों के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 31 अगस्त 2026 को दम्माम से नई दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को भी अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस मामले में विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर 'BOMB' लिखा हुआ था।
फिलहाल विमान में बम मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों को केवल धमकी वाला कागज मिला है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धमकी किसने लिखी और इसके पीछे क्या मकसद था।
बम की धमकी मिलने के बाद इंडिगो की फ्लाइट को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान के लैंड करते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। यात्रियों को विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल-2 में ले जाया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया। फिलहाल विमान से किसी विस्फोटक या संदिग्ध सामान के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। धमकी की सच्चाई क्या थी, इसका पता सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
Updated on:
10 Sept 2026 08:32 pm
Published on:
10 Sept 2026 08:32 pm
