2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ईरान वार के बीच भारत की पाकिस्तान को चेतावनी, अगर कुछ किया तो भुगतना पड़ेगा भारी नुकसान

ईरान युद्ध के बीच भारत ने सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पड़ोसी देश को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि देश हर चुनौती के लिए तैयार है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Apr 02, 2026

Defence Minister Rajnath Singh

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Photo- IANS)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध की पृष्ठभूमि में भारत ने अपनी सुरक्षा नीति को लेकर सख्त संकेत दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता के इस दौर में भारत अपनी रणनीतिक तैयारी को मजबूत कर रहा है। इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पड़ोसी देश को बिना नाम लिए कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गलत हरकत का जवाब निर्णायक और अभूतपूर्व होगा। रक्षा मंत्री ने यह बयान केरल में आयोजित सैनिक सम्मान सम्मेलन के दौरान दिया, जहां उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र

रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और पश्चिमी देशों के बीच संघर्ष तेज हो गया है और इसका असर वैश्विक सुरक्षा समीकरणों पर पड़ रहा है। रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया और कहा कि यह अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति में किसी तरह की ढील नहीं देगा। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पिछले साल पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था।

देश में पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं - रक्षा मंत्री

यह कार्रवाई जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें कई नागरिकों की जान गई थी। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह हमला केवल लोगों पर नहीं बल्कि देश की सामाजिक एकता पर हमला था। उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाएगा। ईरान युद्ध के चलते तेल आपूर्ति को लेकर देश में कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर घबराहट पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

भारतीयों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता - रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि भारतीय नौसेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में देश के तेल टैंकरों को सुरक्षित एस्कॉर्ट कर रही है, जिससे आपूर्ति प्रभावित न हो। यह कदम भारत की ऊर्जा सुरक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता बनी हुई है। रक्षा मंत्री ने कहा कि खासकर केरल के कई लोग इन देशों में काम करते हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के संकट के समय राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता की जरूरत होती है। उनका यह बयान देश के भीतर राजनीतिक माहौल को भी संकेत देता है कि सुरक्षा मुद्दों पर सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है।