
ATS के जवान (फाइल फोटो - आईएएनएस)
Jaipur Woman Babita Dhakar Arrested Jaish Connection: पाकिस्तान जाकर जैश-ए-मोहम्मद के एक सदस्य से शादी की तैयारी कर रही जयपुर की 38 वर्षीय महिला की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स इस मामले को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और इसे देश की आंतरिक सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं। इसी बीच राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। जांच के मुताबिक, बबीता धाकड़ उर्फ 'खदीजा' कथित तौर पर नेपाल के रास्ते पाकिस्तान जाने की योजना बना रही थी। उसे गैरकानूनी गतिविधियों के रोकथाम अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और वह 27 जून तक पुलिस रिमांड पर है।
महिला की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने लिखा, "Love jihad is a bigger threat than terrorism."
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "गद्दार सिर्फ बॉर्डर के उस पार नहीं है, बल्कि देश के अंदर भी है।" ये सोशल मीडिया यूजर्स की व्यक्तिगत प्रतिक्रियाएं हैं।
पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि बबीता के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच में कई पाकिस्तानी फोन नंबर मिले हैं। इनमें जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर के करीबी रिश्तेदार यूसुफ अजहर और भारत में कई मामलों में वांछित कारी जरार के कथित नंबर भी शामिल हैं।
जांच एजेंसियों का कहना है कि जयपुर के सीतापुरा इलाके की रहने वाली बबीता लंबे समय से पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्यों और समर्थकों के संपर्क में थी। सैन्य खुफिया एजेंसियां भी कई सप्ताह से उस पर नजर रख रही थीं, जिसके बाद राजस्थान ATS ने उसे गिरफ्तार किया।
एफआईआर के अनुसार, बबीता की पहचान पाकिस्तान में रहने वाले अबू उबैदा नाम के व्यक्ति से हुई थी। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों के बीच भावनात्मक संबंध बन गए थे। उसने यह भी कहा कि मुजाहिदीन के प्रति आकर्षण की वजह से उसकी जैश-ए-मोहम्मद में रुचि बढ़ी। वह संगठन के सदस्यों और समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों से जुड़े पोस्ट और रील्स देखती और उन्हें पसंद भी करती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि अबू उबैदा ने बबीता को शादी का प्रस्ताव दिया था। अधिकारियों के अनुसार, उसने बबीता को इस्लामी शिक्षाएं सीखने, नमाज पढ़ने और कुरान पढ़ने के लिए भी कहा। जांच के मुताबिक, उसे पाकिस्तान बुलाकर जैश के लिए काम करने की बात भी कही गई थी और इसी सिलसिले में पासपोर्ट बनवाने के लिए कहा गया था।
नेपाल के रास्ते पाकिस्तान जाने की थी योजना
एफआईआर के मुताबिक, बबीता ने अबू उबैदा और एक मौलवी के साथ पाकिस्तान पहुंचने के कई रास्तों पर चर्चा की थी। इनमें नेपाल, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते पाकिस्तान जाने की योजना शामिल थी। यात्रा का खर्च क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भेजने की भी बात हुई थी। इसके बाद उसने क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े ऐप डाउनलोड किए और इसके बारे में ऑनलाइन जानकारी जुटाई।
जांच में यह भी सामने आया कि उसने अपने भारतीय मोबाइल नंबरों पर आए ओटीपी अपने पाकिस्तानी हैंडलर के साथ साझा किए थे ताकि वह उन नंबरों से जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट चला सके।
विस्फोटक बनाने की भी की थी ऑनलाइन तलाश
पीटीआई के अनुसार, बाद में बबीता को पता चला कि अबू उबैदा पहले से शादीशुदा है, जिससे वह निराश हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि उसने इंटरनेट पर विस्फोटक बनाने के तरीकों की तलाश की थी। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इन दावों की पुष्टि के लिए उसके मोबाइल फोन की विस्तृत तकनीकी जांच अभी जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, बबीता पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर है। उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही वह अपने पति से अलग हो गई थी।
Updated on:
25 Jun 2026 07:05 pm
Published on:
25 Jun 2026 06:10 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
