
हरियाणा में जम्मू कश्मीर नंबर की बस पर लोगों ने किया हमला (Photo-X @UrduIndiajk)
Jammu Kashmir Bus Attack: हरियाणा में जम्मू-कश्मीर (J&K) नंबर की एक यात्री बस के ड्राइवर के साथ मारपीट और बस में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। वहीं इस घटना पर जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला समेत कई नेताओं और परिवहन संगठनों ने चिंता जताई है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है। इसी बीच बस ड्राइवर ने पूरी आपबीती भी बताई है।
बस ड्राइवर ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि करनाल के आगे नीलोखेड़ी स्थित डिवाइन स्टार होटल में खाना खाने के लिए रुकने के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की। इस दौरान उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बस की नंबर प्लेट तोड़ दी और उन्हें गोली मारने, गाड़ी में आग लगाने तथा जान से मारने की धमकी दी।
बस चालक ने यह भी बताया कि वह दिल्ली से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में हरियाणा के करनाल से आगे नीलोखेड़ी स्थित डिवाइन स्टार होटल में खाना खाने के लिए बस रोकी थी। वहां पार्किंग में कुछ लोग बैठे थे और हरियाणा नंबर की एक बलेनो कार पहले से खड़ी थी।
बस चालक वकार ने कहा कि बस पार्क करने के करीब एक मिनट बाद पास से किसी व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा, 'आतंकवादी गाड़ी निकाल यहां से।' जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो आरोपियों ने तुरंत गाड़ी हटाने को कहा। उनका आरोप है कि उन लोगों ने कहा कि यहां जम्मू-कश्मीर नंबर की गाड़ी खड़ी नहीं होने देंगे।
वकार का आरोप है कि विरोध करने पर एक व्यक्ति ने बस के सामने के शीशे पर हमला किया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने पहले बस की आगे की नंबर प्लेट तोड़ी और फिर पीछे की नंबर प्लेट को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी उनके साथ शामिल हो गए।
चालक के अनुसार, आरोपी लगातार कह रहे थे कि जम्मू-कश्मीर की गाड़ी हरियाणा में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बस में सवार लोगों को गोली मारने, वाहन में आग लगाने और जान से मारने की धमकियां भी दीं।
वकार ने घटना पर नाराजगी जताते हुए न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए। सभी को सड़कों पर चलने का अधिकार है। हरियाणा की गाड़ियां भी जम्मू-कश्मीर आती हैं, ऐसे में इस तरह का व्यवहार दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच दुश्मनी और तनाव का माहौल पैदा करता है।
बस चालक ने बताया कि घटना के समय वाहन में कुल 35 यात्री सवार थे। इनमें से करीब 80 प्रतिशत यात्री बस से बाहर थे, जबकि चार से पांच यात्री अंदर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बस 40 सीटों की क्षमता वाली है और इसमें स्लीपर बर्थ की व्यवस्था है। उनके अनुसार, बस में यात्रियों की संख्या निर्धारित क्षमता के भीतर थी।
Updated on:
18 Oct 2026 02:59 pm
Published on:
18 Oct 2026 02:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
