
सिंगर जुबीन गर्ग की मौत पर पत्नी की अपील (X)
फेमस सिंगर जुबीन गर्ग (Zubeen Garg) की मौत के मामले में एक बार फिर बड़ा मोड़ सामने आया है। उनकी पत्नी गरिमा सैकिया ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार और असम सरकार से अपील की है कि वे सिंगापुर में चल रही कानूनी कार्यवाही पर करीबी निगरानी रखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी तथ्य कोर्ट के सामने आएं।
गरिमा का यह बयान ऐसे समय आया है जब सिंगापुर की कोरोनर कोर्ट को हाल ही में जानकारी दी गई कि जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर 2025 को लाजरस आइलैंड के पास समुद्र में डूबने से हुई थी। सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड के अधिकारी एएसपी डेविड लिम ने कोर्ट में बताया कि गर्ग ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया था और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से इनकार कर दिया था।
गरिमा सैकिया ने साफ कहा कि जुबीन गर्ग के परिवार की ओर से सच्चाई की तलाश पूरी तरह कानूनी, पारदर्शी और निरंतर रही है। उन्होंने बताया कि घटना के कुछ दिनों बाद जब यॉट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, तभी मामले को लेकर गंभीर संदेह पैदा हुआ। इसके बाद असम में एफआईआर दर्ज की गई और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने गहन जांच के बाद करीब 2,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें हत्या से संबंधित धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।
परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंगापुर अधिकारियों ने घटना के तुरंत बाद स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी। इस पूरी प्रक्रिया में भारतीय उच्चायोग ने कानूनी औपचारिकताओं और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में सक्रिय समन्वय की भूमिका निभाई। गरिमा ने कहा कि सिंगापुर पुलिस के साथ सभी संवाद पूरी तरह औपचारिक और कानूनी चैनलों के माध्यम से हुए और जांच के दौरान इन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया।
जुबीन गर्ग के परिवार ने एक बार फिर भारत सरकार और असम सरकार से अपील की है कि वे सिंगापुर में चल रही जांच और अदालती कार्यवाही पर करीबी नजर रखें, ताकि कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य नजरअंदाज न हो। गरिमा सैकिया ने कहा, “न्याय की तलाश में हमने हर कानूनी रास्ता अपनाया है और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आ जाती।”
Published on:
16 Jan 2026 10:59 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
